37 साल बाद फिर गूंजेंगी पुरानी यादें,सरस्वती विकास विद्यालय में 14 जून को पूर्व छात्रों का महा-मिलन
-संवाददाता-
मनेन्द्रगढ़,13 जून 2026 (घटती-घटना)। सरस्वती विकास विद्यालय में वर्ष 1988-89 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं का बहुप्रतीक्षित रियूनियन कार्यक्रम 14 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा, लगभग 37 वर्षों बाद अपने विद्यालय, सहपाठियों और शिक्षकों से मिलने को लेकर पूर्व विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि वर्ष 1988-89 बैच की कक्षा आठवीं के पूर्व छात्र-छात्राओं का यह विशेष मिलन समारोह आत्मीयता और स्मृतियों से परिपूर्ण होगा,कार्यक्रम में मनेन्द्रगढ़ सहित देश के विभिन्न शहरों से लगभग 50 पूर्व विद्यार्थी शामिल होंगे,इनमें से कई प्रतिभागी लंबे समय बाद अपने विद्यालय और गुरुओं से मिलने पहुंचेंगे, कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 8 बजे स्वागत एवं नाश्ते के साथ होगा, इसके पश्चात सुबह 10 बजे सभी पूर्व छात्र-छात्राएं विद्यालय की प्रार्थना सभा में शामिल होंगे, प्रार्थना सभा के बाद वर्तमान विद्यार्थियों के अपनी-अपनी कक्षाओं में जाने पर पूर्व विद्यार्थी अपने पुराने कक्षाओं का भ्रमण करेंगे तथा विद्यालय जीवन से जुड़ी यादों को ताजा करेंगे, इस दौरान पूर्व छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों से आत्मीय मुलाकात कर पुरानी स्मृतियों को साझा करेंगे, कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय सभागार में शिक्षकों के सम्मान एवं स्वागत समारोह का आयोजन भी किया जाएगा, इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थी अपने जीवन के अनुभव, उपलब्धियां और विद्यालय से प्राप्त संस्कारों की चर्चा करेंगे,आयोजन को और अधिक यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति होगी,गीत, संगीत और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्र जीवन की स्मृतियों को पुनर्जीवित किया जाएगा,इसके बाद सभी अतिथियों और पूर्व विद्यार्थियों के लिए सामूहिक स्वरुचि भोज का आयोजन रखा गया है,विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को पूर्व विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संवाद, प्रेरणा और भावनात्मक जुड़ाव का महत्वपूर्ण अवसर बताया है, विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी आमंत्रित अतिथियों एवं पूर्व छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, यह आयोजन न केवल पुराने मित्रों और शिक्षकों से मिलने का अवसर होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur