Breaking News

राजपुर@मवेशी तस्करों के मंसूबों पर पुलिस का प्रहार,12 मवेशी मुक्त,एक गिरफ्तार

Share


-संवाददाता-
राजपुर,12 जून 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले की राजपुर थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन और एक ब्रेजा कार जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है,जबकि उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 जून की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक पी-65 क्यूटी-1375 में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर बांधकर गोपालपुर कब्रिस्तान के पास से ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अशोक गिरी (50 वर्ष),निवासी डेरी कला,थाना बबुरी,जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) बताया। प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कड़ाई से पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि वह ग्राम फुली डुमर निवासी सलमान के कहने पर वाहन लेकर गोपालपुर पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद कार क्रमांक पी-64 एआर-3563 में सवार कुछ लोगों की मदद से मवेशियों को पिकअप में लादकर परिवहन किया जा रहा था। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी के चार साथी मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन में छह मवेशी रस्सियों से बांधकर अमानवीय तरीके से भरे हुए मिले, जबकि छह अन्य मवेशी घटनास्थल पर रस्सियों से बंधे पाए गए। पुलिस ने सभी 12 मवेशियों को मुक्त कर सुरक्षित कब्जे में लिया तथा दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लाया। राजपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है,वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ ओएलएक्स पर विज्ञापन डालना पड़ा महंगा

Share ,छात्रा से 29 हजार की ठगी-संवाददाता-अम्बिकापुर,12 जून 2026 (घटती-घटना)। पुराना सोफा बेचने के लिए …

Leave a Reply