- सरकार पर लगाए किसान विरोधी नीतियों के आरोप
- खाद,बीज और डीजल की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी, खड़गवां में कांग्रेस का चक्काजाम, किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा
एमसीबी/खड़गवां,12 जून 2026(घटती-घटना)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के नेतृत्व में खड़गवां में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चक्काजाम एवं किसान आंदोलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक गुलाब कमरो एवं जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने किया।
आंदोलन में जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, आदिवासी कांग्रेस, ओबीसी कांग्रेस तथा किसान कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया, चक्काजाम किया तथा राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग की।
किसानों को खाद-बीज के लिए भटकना पड़ रहा : अशोक श्रीवास्तव
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश के किसान वर्तमान समय में खाद, बीज और डीजल जैसी बुनियादी आवश्यकताओं के लिए परेशान हैं, समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण किसानों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, कांग्रेस पार्टी किसानों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसानों के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी : गुलाब कमरो
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है,उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान आज खाद,बीज और डीजल जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर हैं,जबकि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी तथा किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने खड़गवां तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा,ज्ञापन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने,डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कृषि संकट के निराकरण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
किसानों के हित में संघर्ष जारी रखने का संकल्प
आंदोलन में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया,कांग्रेस नेताओं ने सरकार से मांग की कि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो और किसानों को राहत मिल सके,कार्यक्रम में जिले भर से कांग्रेस संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur