:
हजारों लोगों ने निकाली रैली,राज्यपाल-सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
राजमोहनी देवी सेवा संस्थान का नशा मुक्ति अभियान,महिलाओं की रही बड़ी भागीदारी
बबरू वाहन बोले- माता राजमोहनी देवी और संत गहिरा गुरुजी ने दिया था मांस-मदिरा त्यागने का संदेश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ मंगलवार को पद्मश्री माता राजमोहनी देवी सेवा संस्थान के बैनर तले विशाल जनजागरण रैली निकाली गई। शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए रैली कलेक्ट्रेट पहुंची,जहां प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर नशा मुक्ति के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। रैली का नेतृत्व माता राजमोहनी देवी की उत्तराधिकारी पूज्य माता रामबाई तथा संत गहिरा गुरुजी के सुपुत्र और संत गहिरा गुरु सनातन संत आश्रम के अध्यक्ष बबरू वाहन ने किया। इस दौरान जनजाति गौरव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष रामलखन पैकरा, पूर्व सांसद कमलभान सिंह समेत अनेक सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। माता राजमोहनी देवी सभा भवन से शुरू हुई रैली एमजी रोड, अंबेडकर चौक,गांधी चौक और विवेकानंद चौक से होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए प्रतिभागी लगातार नशा मुक्ति के नारे लगाते रहे। ‘हमर सरगुजा ला नशा ले मुक्त बनाना हे’ और ‘नशा मुक्ति कर जोर अभियान चलाना हे’ जैसे नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। रैली में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
संतों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास : रैली से पहले सभा भवन में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए बबरू वाहन ने कहा कि माता राजमोहनी देवी और संत गहिरा गुरुजी ने समाज को मांस एवं मदिरा त्यागकर संयमित जीवन जीने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि आज नशा सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक समस्याओं की बड़ी वजह बन चुका है, इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके खिलाफ जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि संतों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही स्वस्थ और संस्कारित समाज का निर्माण संभव है। नशा मुक्ति केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि सामाजिक आंदोलन बनना चाहिए।
संतों की शिक्षाओं को अपनाने पर जोर : सभा को संबोधित करते हुए रामलखन सिंह पैकरा ने कहा कि समाज को माता राजमोहनी देवी और संत गहिरा गुरुजी जैसे महान संतों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। उनके विचार आज भी समाज सुधार और जनजागरण के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने लोगों से संतों के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। पूर्व सांसद कमलभान सिंह ने कहा कि समाज में एकता, जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन के लिए संतों की शिक्षाओं को लगातार स्मरण करते रहना आवश्यक है। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान को सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए अनुयायी : कार्यक्रम में अमृत सिंह मराबी,त्रिभुवन सिंह, परमेश्वर सिंह मरकाम,अरुणा सिंह,सहदेव भगत,कमला प्रसाद सिंह,धर्म सिंह,संतोष दास,बिहारी लाल उरांव,दिनेश पावेल, कमलेश टोप्पो सहित बड़ी संख्या में संस्थान से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता और माता राजमोहनी देवी के अनुयायी मौजूद रहे। नशा मुक्ति को लेकर निकाली गई यह रैली शहर में चर्चा का विषय रही और सामाजिक जागरूकता के प्रति लोगों की बढ़ती भागीदारी का संदेश देती नजर आई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur