…
आरक्षक को रॉड से मारकर किया था घायल,4 आरोपी गिरफ्तार
झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को घेरकर बनाया बंधक
-संवाददाता-
अंबिकापुर/लुंड्रा,10 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में डायल-112 की टीम पर हमला करने के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोप है कि झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को आरोपियों ने घेर लिया,काफी देर तक बंधक बनाए रखा और आरक्षक पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार 3 जून की रात करीब 10 बजे डायल-112 को महोरा क्षेत्र में मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर थाना लुंड्रा में पदस्थ आरक्षक बहाल राम और वाहन चालक डेविड कुजूर मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे थे और शराब के नशे में थे। पुलिस वाहन पहुंचते ही अधिकांश लोग मौके से भाग गए। बताया गया कि पुलिस टीम कुछ लोगों को समझाइश देकर वापस लौट रही थी,तभी बड़ी संख्या में लोग डंडा और लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें घेर लिया। पुलिस के समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माने और आरक्षक बहाल राम पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में आरक्षक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं तथा वह बेहोश हो गए। वाहन चालक ने बीच-बचाव कर घायल आरक्षक को तत्काल लुंड्रा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
पहले दो आरोपी गिरफ्तार,अब चार और दबोचे गए : मामले में पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, हमला और अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान घटना में कई लोगों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस पहले ही दो आरोपियों अनुक साय पैंकरा और अजीत पैंकरा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने बुधवार को चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दिलबर नागेश (21), संतोष पैंकरा (30), लक्ष्मी नारायण (22) और आकाश कुमार (18) शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई : पुलिस ने बताया कि डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। कार्रवाई में लुंड्रा थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमले जैसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur