
-संवाददाता-
प्रतापपुर,06 जून 2026 (घटती-घटना)। खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले किसानों को खाद, बीज और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर किसान प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा गया। ज्ञापन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया,डीएपी सहित अन्य उर्वरक एवं गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने,सेवा सहकारी समितियों में शीघ्र किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने तथा कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही निजी दुकानों में खाद एवं बीज की बिक्री पर निगरानी बढ़ाने तथा कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष समिति गठित करने का भी आग्रह किया गया है। किसान प्रतिनिधियों ने निजी दुकानों में उपलब्ध बीजों की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और किसानों को शासकीय दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि समय पर खाद, बीज और डीजल नहीं मिलने से किसानों को खेती-किसानी में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ज्ञापन सौंपने वालों में नवीन जायसवाल, संजीव श्रीवास्तव,जगत लाल आयाम,विद्या सागर सिंह त्रिभुवन सिंह सरपंच ग्राम पंचायत खोरमा एवं विनोद कुमार नेताम प्रमुख रूप से शामिल रहे। किसान नेताओं ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। साथ ही चेतावनी दी है कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर किसान आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur