-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 जून 2026 (घटती-घटना)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जीडी गोयनका हेल्थकेयर अकादमी,अंबिकापुर में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति संवर्धन विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं वायु एवं जल प्रदूषण विषय पर प्रस्तुतीकरण और चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान ध्वनि प्रदूषण विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया, जिसमें अत्यधिक शोर से मानव स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को दर्शाया गया। विद्यार्थियों के अभिनय ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जीडी गोयनका हेल्थकेयर अकादमी के फ्रेंचाइजी पार्टनर एवं संकल्प हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अक्षय गोयल, प्रशासक श्री राकेश कोठारी तथा सेंटर हेड श्री भूपेश देवांगन उपस्थित रहे। डॉ.गोयल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छ, हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur