Breaking News

अम्बिकापुर,@ प्रेम संबंध में बाधा बनी महिला की हत्या,प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

Share


लखनपुर पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुलझाया अंधा कत्ल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 जून 2026 (घटती-घटना)
। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में हुई एक वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध में बाधा बनने के कारण आरोपियों ने महिला की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुना लखनपुर निवासी 65 वर्षीय लक्ष्मी लकड़ा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना 1 जून को थाना लखनपुर में दी गई थी। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल और शव के निरीक्षण के दौरान शरीर पर चोट एवं घर्षण के निशान पाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु को हत्यात्मक प्रकृति का पाए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में घटना की रात एक व्यक्ति को मृतिका के घर में प्रवेश करते और कुछ समय बाद बाहर निकलते देखा गया। इसके बाद मृतिका की भतीजी तेरेसा एक्का को उसी व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल में जाते हुए पाया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदेह के आधार पर तेरेसा एक्का तथा उसके प्रेमी आशिष कुमार गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने कथित रूप से अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उनके प्रेम संबंधों में मृतिका बाधा बन रही थी। इसी कारण उन्होंने महिला के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और घटना के बाद दोनों रातभर घर से बाहर रहे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी

  1. आशिष कुमार गुप्ता (30 वर्ष), निवासी बाजारपारा, लखनपुर।
  2. तेरेसा एक्का (20 वर्ष), निवासी लोसगा, रानीकछार, थाना लखनपुर।
    पुलिस अधीक्षक सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संपत पोटाई, सहायक उपनिरीक्षक परशुराम, प्रधान आरक्षक सतीष सिंह, पिताम्बर सिंह, अजय पाण्डेय, प्रवीण चंद तिवारी तथा आरक्षक दशरथ राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share

Check Also

अम्बिकापुर@जमीन दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 61 हजार रुपए की ठगी

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। अपना घर बनाने का सपना देख रहे एक राजमिस्त्री को …

Leave a Reply