Breaking News

बैकुंठपुर@ विश्व पर्यावरण दिवस पर कृषि महाविद्यालय बैकुंठपुर में हरियाली,स्वच्छता और जागरूकता का संगम

Share


वृक्षारोपण,स्वच्छता अभियान,प्रतियोगिताएं और खेत बचाओ अभियान की जानकारी के साथ मनाया गया पर्यावरण दिवस
छात्र-छात्राओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प,उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,06 जून 2026 (घटती-घटना)।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वर्गीय डॉ. रामचन्द्र सिंहदेव कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, बैकुंठपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में विविध कार्यक्रमों का आयोजन उत्साह एवं जागरूकता के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. डी.के. गुप्ता के मार्गदर्शन में तथा प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. श्रवण यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ,कार्यक्रम में भानु पाल, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सह कृषि महाविद्यालय प्रतिनिधि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ,महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों द्वारा आम, अमरूद, कटहल, आंवला, नींबू सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया,पौधरोपण के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन पर किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण,बढ़ते जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनके सतत उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई, वक्ताओं ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ता तापमान, जल संकट और पर्यावरणीय असंतुलन पूरी दुनिया के लिए चुनौती बन चुका है, ऐसे समय में वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण ही भविष्य को सुरक्षित बना सकता है, विद्यार्थियों को भारत सरकार द्वारा 1 जून से 30 जून तक संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ की जानकारी भी प्रदान की गई, इस अभियान के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य परीक्षण,जैविक खेती,जैविक रोग-व्याधि नियंत्रण तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया जा रहा है, कार्यक्रम में जीवामृत, बीजामृत एवं अन्य जैविक आदानों के उपयोग, उनकी उपयोगिता तथा कृषि उत्पादन में उनकी भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि रासायनिक खेती से होने वाले दुष्प्रभावों को कम करने और भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए जैविक एवं प्राकृतिक खेती आज की आवश्यकता बन चुकी है।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे अतिथि एवं प्राध्यापक- कार्यक्रम का सफल संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राहुल आर्य द्वारा किया गया, इस अवसर पर नरेश सोनी (आईसेक्ट), अशोक यादव (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, संगठन जिला मंत्री कोरिया), बलवीर पुषाम (जिला संयोजक कोरिया), अभिषेक साहू (जिला संयोजक पर्यावरण संरक्षण समिति), नीरज राजवाड़े (नगर मंत्री बैकुंठपुर), आयुषी साहू (नगर सह-मंत्री बैकुंठपुर), शुभांश कुमार सैनी सहित विभिन्न सामाजिक एवं छात्र संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण पुनेश्वर सिंह पैकरा, डॉ. आशीष कुमार सिंह, शिक्षकगण डॉ. अमिता एक्का, डॉ. अलका मिंज, प्रियंका साहू, डॉ. चित्रलेखा श्याम, डॉ. प्रशांत कुमार एवं प्रवीण कुमार ध्रुव उपस्थित रहे, इसके अलावा शाखा अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण, कौशल कुमार कुशवाहा, पूनम सिंह, गणमान्य नागरिक प्रदीप गुप्ता, महिला उत्पीड़न निवारण समिति की सदस्य सरिता गुप्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में शामिल हुए।
पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और सतत विकास के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ किया गया, छात्र-छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे पर्यावरण संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाएंगे तथा स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, विश्व पर्यावरण दिवस पर कृषि महाविद्यालय बैकुंठपुर में आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि पर्यावरणीय चेतना, वैज्ञानिक कृषि, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक प्रेरणादायी संगम बनकर सामने आया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, इनमें रंगोली, पोस्टर,गमला सजाओ एवं निबंध प्रतियोगिता प्रमुख रहीं, प्रतियोगिताओं का विषय पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण नियंत्रण, हरित भविष्य और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ था,विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और पर्यावरणीय समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, रंगोली प्रतियोगिता में मुस्कान ने प्रथम,मनीषा सिंह ने द्वितीय तथा प्राची सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया,पोस्टर प्रतियोगिता में परवाज़ शाहनवाज़ प्रथम,रितेश कुमार द्वितीय तथा रोहन कुमार साहनी तृतीय स्थान पर रहे,निबंध प्रतियोगिता में साक्षी राजवाड़े ने प्रथम, अनूपा तिर्की ने द्वितीय तथा अंजुलता धनराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया,वहीं गमला सजाओ प्रतियोगिता में याग्नी सिंह विजेता रहीं, प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनके उत्साहवर्धन किया गया।
मुख्य अतिथि ने दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ
मुख्य अतिथि भानु पाल ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई, उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है, उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल संरक्षण को अपनाने तथा स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया, उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।
स्वच्छता अभियान में भी दिखाई सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम से पूर्व प्रातःकाल महाविद्यालय परिसर, बालक छात्रावास एवं बालिका छात्रावास में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान गाजरघास उन्मूलन, प्लास्टिक हटाओ अभियान तथा स्वच्छ परिसर अभियान आयोजित किया गया, छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर से प्लास्टिक कचरा हटाया तथा स्वच्छ वातावरण निर्माण का संदेश दिया, स्वच्छता अभियान ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है बल्कि स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@भू-राजस्व संहिता संशोधन को लेकर अधिवक्ता ने उठाए सवाल

Share मुख्य सचिव से की हस्तक्षेप की मांग, कहा- 28 अप्रैल 2026 से पहले के …

Leave a Reply