Breaking News

बलरामपुर@ विश्व पर्यावरण दिवस पर चिल्ड्रन पार्क में पौधरोपण

Share

,कलेक्टर,एसपी और डीएफओ ने दिया हरियाली का संदेश
-संवाददाता-
बलरामपुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित चिल्ड्रन पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने अमरूद, पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने आम तथा वनमण्डलाधिकारी आलोक बाजपेई ने सिरस का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। पर्यावरण संरक्षण केवल शासन या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढि़यों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि चिल्ड्रन पार्क को बच्चों के लिए मनोरंजन, सीखने और स्वस्थ वातावरण का आदर्श केंद्र बनाया जाए, जहां वे प्रकृति के बीच समय बिताकर पर्यावरण के महत्व को समझ सकें।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने चिल्ड्रन पार्क के समग्र विकास तथा बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श किया। पार्क में खेलकूद, मनोरंजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार संबंधी विभिन्न सुझाव भी साझा किए गए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संकल्प लिया।


Share

Check Also

अंबिकापुर@भारत के पहले अंडर-16 पिंक लैदर बॉल फ्लडलाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का ऐतिहासिक समापन

Share रेस्ट ऑफ सरगुजा बनी चैंपियन, नवीन ठाकुर की शानदार पारी ने दिलाई जीत अंबिकापुर,05 …

Leave a Reply