Breaking News

अम्बिकापुर @अनोखी सोच संस्था ने निभाया मानवता का फर्ज

Share


असहाय परिवार के युवक का कराया अंतिम संस्कार
पिता पहले ही गुजर चुके थे,बेटे की मौत के बाद अकेली मां पर टूटा दुखों का पहाड़
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)।
सामाजिक सेवा और मानवीय सरोकारों के लिए लगातार सक्रिय रहने वाली अनोखी सोच संस्था ने एक बार फिर मानवता का परिचय देते हुए एक असहाय परिवार के दुःख में सहभागी बनकर मृत युवक का पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया। संस्था की इस पहल की शहर में सराहना हो रही है। जानकारी के अनुसार केनाबांध निवासी राहुल गुप्ता (23 वर्ष) पिछले कुछ समय से हेपेटाइटिस-बी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनका उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था, जहां गुरुवार देर रात उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। राहुल के पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका था और परिवार में उनकी वृद्ध मां के अलावा कोई अन्य सदस्य नहीं है। आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियां ऐसी थीं कि अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना भी परिवार के लिए बेहद कठिन हो गया था। राहुल के निधन की सूचना मिलने पर परिजनों ने सहायता के लिए अनोखी सोच संस्था के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश साहू से संपर्क किया। जानकारी मिलते ही संस्था ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल सहयोग का निर्णय लिया और अंतिम संस्कार की संपूर्ण व्यवस्था अपने जिम्मे ले ली। संस्था के सदस्य शंकर घाट स्थित मुक्तिधाम पहुंचे और आवश्यक सामग्री से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए पूरे धार्मिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ राहुल गुप्ता का अंतिम संस्कार संपन्न कराया। अंतिम संस्कार के दौरान एक अत्यंत मार्मिक दृश्य देखने को मिला। परिवार में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं होने के कारण दिवंगत राहुल की मां ने भारी मन से स्वयं अपने पुत्र को मुखाग्नि दी। यह दृश्य वहां उपस्थित लोगों को भावुक कर गया और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। दुःख की इस घड़ी में संस्था के सदस्यों ने शोकाकुल मां को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर संस्था के सदस्य प्रकाश साहू,पंकज चौधरी,मोती ताम्रकार, संजू चटर्जी,सुनील साहू,भोला रक्सेल, अजय ताम्रकार,चंद्रप्रताप सिंह,निशांत जायसवाल,गोपी साहू,नीरज साहू,नितेश, गजानंद साहू,लरंग मुंडा,अमित जायसवाल, राहुल शुक्ला,सौरभ दास,बनाफर केरकेट्टा, सत्यम साहू,संजय एक्का सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply