Breaking News

बैकुंठपुर@ बिजली की बदहाली और सड़क सुरक्षा को लेकर फूटा जनाक्रोश

Share


बैकुंठपुर के नागरिकों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)।
जिला मुख्यालय बैकुंठपुर सहित पूरे जिले में बिजली व्यवस्था की खराब स्थिति,सड़क सुरक्षा की अनदेखी और बढ़ती यातायात समस्याओं को लेकर नागरिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है,ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आम जनता आंदोलन के लिए मजबूर होगी।
जर्जर तार और बिजली कटौती से जनता परेशान
ज्ञापन में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। नागरिकों का कहना है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है, ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड के कारण आए दिन उपकरण जलने और बिजली बाधित होने की समस्या सामने आ रही है,लोगों ने मांग की है कि पुराने ट्रांसफार्मरों को बदलकर अधिक क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। साथ ही शहर के मुख्य मार्गों पर लटक रहे जर्जर बिजली तारों को हटाकर सुरक्षित केबल लगाए जाएं, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका समाप्त हो सके।
मेंटेनेंस के नाम पर अघोषित कटौती पर सवाल
शहरवासियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग मेंटेनेंस के नाम पर बार-बार बिजली बंद करता है,लेकिन उसका कोई सकारात्मक परिणाम दिखाई नहीं देता, बिना सूचना के होने वाली कटौती से लोगों को भारी परेशानी होती है, नागरिकों ने मांग की है कि विभाग मेंटेनेंस कार्यों की सार्वजनिक जानकारी जारी करे और शिकायतों के लिए 24 घंटे संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू करे,क्योंकि संकट के समय विभागीय फोन तक नहीं उठाए जाते।
गेज नदी पुल बना दुर्घटनाओं का खतरा
ज्ञापन में गेज नदी पुल की खतरनाक स्थिति को भी प्रमुखता से उठाया गया है, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने और नए पुल के जोड़ के कारण सड़क का हिस्सा टेढ़ा हो गया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है, नागरिकों ने पुल के दोनों ओर हाई विजिबिलिटी रेडियम बोर्ड लगाने तथा पुल और सड़क के जोड़ वाले हिस्से का स्थायी तकनीकी समाधान करने की मांग की है,उनका कहना है कि बार-बार किए जाने वाले पैचवर्क से समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
एसईसीएल मैदान को कार्यक्रमों के लिए विकसित करने का सुझाव
शहर में बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या को देखते हुए नागरिकों ने खाली पड़े एसईसीएल मैदान को सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए विकसित करने का सुझाव दिया है,उनका मानना है कि इससे रामानुज विद्यालय मैदान पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सकेगा और शहर में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
कलेक्टर ने दिया सकारात्मक आश्वासन
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को जिला कलेक्टर ने समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है,नागरिकों का कहना है कि अब समय केवल आश्वासनों का नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाने का है,इस दौरान समाजसेवक एवं साहित्यकार संवर्त कुमार रूप,मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक,पार्षद मनीष कुमार सिंह, पार्षद अभिनेंद्र सिंह चंदेल,शहीद अशरफी तथा महेंद्र सिंह सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जमीन दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 61 हजार रुपए की ठगी

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,23 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। अपना घर बनाने का सपना देख रहे एक राजमिस्त्री को …

Leave a Reply