रेस्ट ऑफ सरगुजा बनी चैंपियन, नवीन ठाकुर की शानदार पारी ने दिलाई जीत
अंबिकापुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)। गांधी स्टेडियम में आयोजित भारत के पहले अंडर-16 पिंक लैदर बॉल एम.एस. सिंहदेव फ्लडलाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में रेस्ट ऑफ सरगुजा ने सीडब्ल्यूआरडी (CWRD) को 36 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता ने न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि सरगुजा को देश के जूनियर क्रिकेट मानचित्र पर नई पहचान भी दिलाई।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रेस्ट ऑफ सरगुजा ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 144 रन बनाए। टीम की जीत के सूत्रधार रहे नवीन ठाकुर, जिन्होंने शानदार नाबाद 77 रनों की पारी खेली। स्वास्तिक केशरी ने 36 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। सीडब्ल्यूआरडी की ओर से गौरव मिश्रा ने दो विकेट हासिल किए।
145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीडब्ल्यूआरडी की टीम शुरुआत से दबाव में नजर आई। गौरव और तनय ने 20-20 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 108 रन पर सिमट गई। रेस्ट ऑफ सरगुजा के गेंदबाज हर्ष चौधरी और सनी ओझा ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। अपनी मैच विजयी नाबाद 77 रनों की पारी के लिए नवीन ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अनोखे प्रारूप ने खींचा ध्यान
इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने भाग लिया। नॉकआउट चरण के बाद बाहर हुई टीमों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शामिल कर रेस्ट ऑफ सरगुजा ब्लू और रेस्ट ऑफ सरगुजा रेड नाम से दो विशेष टीमें बनाई गईं। इसके बाद छह टीमों को दो पूलों में बांटकर लीग चरण के मुकाबले आयोजित किए गए। लीग और सेमीफाइनल के बाद सीडब्ल्यूआरडी और रेस्ट ऑफ सरगुजा ने फाइनल में जगह बनाई। प्रतियोगिता का यह अभिनव प्रारूप खिलाड़ियों को अधिक मैच उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से तैयार किया गया था, जिसकी खेल विशेषज्ञों और दर्शकों ने सराहना की।
कोचों की भूमिका रही अहम
चैंपियन रेस्ट ऑफ सरगुजा टीम के कोच एवं मैनेजर मुजाहिद खान और अलंकार तिवारी रहे, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का सफल मार्गदर्शन किया। वहीं उपविजेता सीडब्ल्यूआरडी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में सौभिक दास और नितीश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टूर्नामेंट पुरस्कार
बेस्ट विकेटकीपर – आदित्य सोनकर
बेस्ट फील्डर – यथार्थ सोनवानी
बेस्ट बॉलर – आयान्स द्विवेदी (11 विकेट)
बेस्ट बैट्समैन – गगन बोस (195 रन)
मैन ऑफ द सीरीज – नैतिक चौधरी (214 रन)
बेस्ट डिसिप्लिन टीम अवार्ड – टैलेंट हंट क्रिकेट अकादमी, विश्रामपुर
प्लेयर ऑफ द ईयर सम्मान
अंडर-14 – स्वास्तिक केशरी
अंडर-16 – नवीन ठाकुर
अंडर-19 – त्रयम्बकेश्वर सिंह
अंडर-23 – रोहित सिंह
सीनियर टी-20 – आराध्य (चीकू) गुप्ता
सीनियर डेज़ – राहुल प्रधान
सीनियर अंडर-23 विमेंस – दीपमाला मिंज
सीनियर विमेंस – उर्मिला हरिना
सरगुजा क्रिकेट को मिली नई पहचान
सरगुजा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदितेश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि पिंक बॉल क्रिकेट का यह आयोजन प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में जूनियर क्रिकेट के विकास की दिशा में एक अभिनव पहल है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना और निरंतर मेहनत को सफलता का मूल मंत्र बताया।
संघ के सचिव विनीत जायसवाल ने बताया कि यह भारत का पहला अंडर-16 फ्लडलाइट पिंक लैदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट है, जिसकी परिकल्पना अध्यक्ष आदितेश्वर शरण सिंह देव ने की थी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने अंबिकापुर और सरगुजा को राष्ट्रीय क्रिकेट जगत में विशिष्ट पहचान दिलाई है।
संघ के कोषाध्यक्ष शैलेश सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से अंडर-14 और अंडर-16 वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान समय रहते हो सकेगी। आगामी सत्र में चयनित खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देने और बाहरी विशेषज्ञ कोचों की सेवाएं लेने की योजना बनाई गई है।
कार्यक्रम में खेल पदाधिकारियों, कोचों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों की उपस्थिति रही।
भारत के पहले अंडर-16 पिंक लैदर बॉल फ्लडलाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन सरगुजा क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने यह साबित कर दिया कि सरगुजा की धरती पर क्रिकेट का भविष्य बेहद उज्ज्वल है। यह प्रतियोगिता युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur