,
आरक्षक गंभीर रूप से घायल
झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस से गाली-गलौज, रॉड से वार कर फोड़ा सिर
अंबिकापुर ,04 जून 2026 (घटती-घटना)। लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम महोरा में झगड़े की सूचना पर पहुंची डायल-112 टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर बंधक बना लिया और एक आरक्षक पर रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार लुण्ड्रा थाने में पदस्थ आरक्षक रामसाय नागेश वर्तमान में डायल-112 में तैनात हैं। 3 जून की रात करीब 10 बजे लड़ाई-झगड़े की सूचना मिलने पर वे आरक्षक बहाल राम और चालक डेविड कुजूर के साथ ग्राम महोरा स्थित आम बगीचा के पास पहुंचे। वहां 4-5 लोग आपस में विवाद कर रहे थे और शराब के नशे में थे। पुलिस वाहन को देखकर वे मौके से भाग गए। पुलिस टीम कुछ दूरी पर खड़े दो अन्य व्यक्तियों को समझाइश देकर लौट रही थी। इसी दौरान कई लोग डंडा और रॉड लेकर पहुंच गए। इनमें दिलबर और आकाश नामक युवक भी शामिल थे। आरोप है कि सभी ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पुलिस दल को घेर लिया और काफी देर तक बंधक बनाकर रखा।
रॉड से वार कर किया घायल
बताया जा रहा है कि समझाइश के बावजूद आरोपी नहीं माने और अचानक दिलबर व आकाश ने आरक्षक बहाल राम पर रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई। सिर से अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण वे मौके पर ही बेहोश हो गए। इस दौरान अन्य आरोपी भी पुलिस टीम को वहां से नहीं जाने देने की बात कह रहे थे। चालक डेविड कुजूर और आरक्षक रामसाय नागेश ने बीच-बचाव कर घायल आरक्षक को वाहन में बैठाया और तत्काल लुण्ड्रा अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू किया। आरक्षक रामसाय नागेश की रिपोर्ट पर पुलिस ने दिलबर, आकाश एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 127, 132, 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur