-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जून 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के बेलसरापारा गांव में एक युवक और युवती की फांसी पर लटकी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक आम के पेड़ पर दोनों के शव फांसी के फंदे से लटके देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय किशोर राम पिता रवि राम निवासी बेलसरापारा और 20 वर्षीय डोंगाली राम पिता बुनूराम निवासी झुमापारा, बाघमुंडा (उदयपुर) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार किशोर राम 2 जून की रात करीब 10 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ पर लटका देखा। वहीं पास में युवती का शव भी फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के बीच युवक और युवती के प्रेम संबंध होने की चर्चा है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने एक साथ आत्मघाती कदम उठाया हो, हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उदयपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है तथा घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है। इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur