-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जून 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर विधायक एवं राजस्व विभाग के एक अधिकारी के बीच हुए विवाद और उसके बाद प्रदेशभर में राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रदेश में उत्पन्न स्थिति पर चिंता जताई है। कांग्रेस ने आमजन को हो रही परेशानियों का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर प्रशासनिक तंत्र को संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया है।जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक द्वारा राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में एक राजस्व अधिकारी के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। इससे आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, नामांतरण, बंटवारा, डायवर्सन, विलंबित जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अनेक राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है,जिससे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली प्रभावित हुई है। कांग्रेस ने इसे गंभीर प्रशासनिक संकट बताते हुए कहा है कि ऐसी परिस्थितियां प्रदेश में संवैधानिक व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।
कांग्रेस ने राज्यपाल से दो प्रमुख मांगें की हैं। पहली, राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त कराने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप कर उन्हें शीघ्र कार्य पर लौटाने की व्यवस्था की जाए,ताकि आम जनता को राहत मिल सके। दूसरी,प्रदेश में उत्पन्न हालात का परीक्षण कर केंद्र सरकार को प्रतिवेदन भेजते हुए राष्ट्रपति शासन लगाने पर विचार किया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी पांच दिनों के भीतर मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जाती है तो कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। हालांकि, प्रदेश सरकार या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कांग्रेस के आरोपों और मांगों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur