Breaking News

अम्बिकापुर@खेल-खेल में बैटरी ब्लास्ट…एक वर्षीय मासूम की मौत

Share


भाई-बहन कूड़े से उठा लाए थे बैटरी,आग में डालते ही हुआ धमाका

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 जून 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम ब्रह्मपुर में खेल-खेल में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कूड़े में पड़ी बैटरी को आग में डालने से हुए विस्फोट की चपेट में आकर एक वर्षीय मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम ब्रह्मपुर निवासी आदित्य सिंह नेताम (1 वर्ष) पिता महेंद्र सिंह नेताम 31 मई को अपनी मां और भाई-बहनों के साथ घर में खेल रहा था। उसके पिता सुबह ट्रैक्टर लेकर काम पर निकल गए थे। इसी दौरान बड़े भाई-बहन खेलते-खेलते बाड़ी की ओर चले गए और वहां कूड़े-कचरे में पड़ी एक पुरानी बैटरी उठाकर घर ले आए। शाम करीब 5 बजे बच्चों की मां पानी भरने के लिए नल पर चली गई। इस बीच तीनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। पास में जल रही आग में बच्चों ने बैटरी डाल दी। कुछ ही देर बाद तेज धमाके के साथ बैटरी फट गई। विस्फोट इतना तेज था कि एक वर्षीय आदित्य उसकी चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। उसके चेहरे,सीने, पेट और हाथों में गंभीर चोटें आईं। वहीं उसके भाई-बहन किसी तरह वहां से भागकर बच गए। धमाके की आवाज सुनकर मां दौड़ते हुए मौके पर पहुंची तो मासूम को गंभीर हालत में पड़ा देखा। बच्चों से पूछताछ करने पर पूरी घटना का पता चला।
मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम : रात करीब 9 बजे जब पिता काम से घर लौटे तो उन्हें घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद परिजन तत्काल आदित्य को प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन 1 जून को बच्चे को लेकर अंबिकापुर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। लेकिन गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उपचार के दौरान 2 जून की सुबह करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई।
सावधानी जरूरी
यह घटना बच्चों की पहुंच से इलेक्ट्रॉनिक कचरा,पुरानी बैटरियां और अन्य खतरनाक वस्तुएं दूर रखने की जरूरत को भी उजागर करती है। थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply