Breaking News

सूरजपुर@शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में लोकतंत्र का उत्सव,85 प्रतिशत मतदान

Share


15 वार्डों में मतदाताओं ने दिखाया उत्साह,4 जून को आएगा जनादेश

-संवाददाता-
सूरजपुर,01 जून 2026 (घटती-घटना)। नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत के प्रथम आम निर्वाचन में मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी गहरी आस्था का परिचय देते हुए रिकॉर्ड 85.13 प्रतिशत मतदान किया, नगर पंचायत के 15 वार्डों में सोमवार को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न हुआ, मतदान समाप्त होने के साथ ही अध्यक्ष एवं पार्षद पद के प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीनों में कैद हो गया है, जिसका फैसला 4 जून को मतगणना के दौरान सामने आएगा।
महिलाओं और पुरुषों की बराबर भागीदारी-प्राप्त अंतिम आंकड़ों के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 3952 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, इनमें 1991 पुरुष मतदाता शामिल रहे, जिनका मतदान प्रतिशत 85.26 रहा, वहीं 1961 महिला मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल महिला मतदाताओं का 85 प्रतिशत है, मतदान प्रतिशत में पुरुषों और महिलाओं की लगभग समान भागीदारी लोकतंत्र के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है।
मतदान केंद्रों पर दिखा उत्साह- सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, युवा मतदाताओं के साथ-साथ बुजुर्गों और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान किया, कई मतदान केंद्रों पर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान संपन्न होने से प्रशासन और निर्वाचन अमले ने राहत की सांस ली।
प्रशासनिक व्यवस्था रही चुस्त-दुरुस्त- मतदान को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती रही तथा अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी, जिले के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक विनय कुमार अग्रवाल ने भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम शिवानी जायसवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
पंचायत उप निर्वाचन भी हुआ संपन्न-नगर पंचायत चुनाव के साथ जिले के विभिन्न विकासखंडों में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, इसके अंतर्गत 2 जनपद पंचायत सदस्य, 3 सरपंच तथा 6 पंच पदों के लिए मतदान कराया गया, ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
अब 4 जून पर टिकी निगाहें- मतदान समाप्त होने के बाद अब राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही हैं। नगर पंचायत क्षेत्र में चुनावी परिणामों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, अब सभी की निगाहें 4 जून को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब ईवीएम में कैद मतदाताओं का फैसला सामने आएगा और यह तय होगा कि नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत की कमान आखिर किसके हाथों में जाएगी।
कलेक्टर ने जताया आभार- मतदान संपन्न होने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रेना जमील ने सभी मतदाताओं, निर्वाचन कर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी है।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply