Breaking News

अम्बिकापुर@विश्व तम्बाकू दिवस के अवसर पर जागरूकता रथ रवाना,तम्बाकू मुक्त जीवन का दिया संदेश

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 जून 2026 (घटती-घटना)। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिले में तम्बाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्काउट-गाइड, एनएसएस, एनसीसी एवं रेडक्रास सोसाइटी के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकालकर आमजन को तम्बाकू मुक्त जीवन का संदेश दिया गया। कलेक्टर वसंत ने कहा कि तम्बाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थ आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है, जिससे स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तम्बाकू केवल शरीर को बीमार नहीं करता, बल्कि व्यक्ति की मेहनत की कमाई को भी नशे और बीमारियों के इलाज पर खर्च कराकर आर्थिक स्थिति को कमजोर करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं तम्बाकू एवं धूम्रपान से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को ने बताया कि धूम्रपान करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ उसके आसपास रहने वाले लोग भी सेकंड हैंड स्मोकिंग से गंभीर रूप से प्रभावित होते हैं। तम्बाकू सेवन से मुख कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग, अस्थमा, सीओपीडी तथा सांस संबंधी अनेक गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि तम्बाकू मुक्त जीवन ही स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र की आधारशिला है।नोडल अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने बताया कि तम्बाकू सेवन विश्व में समय पूर्व मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। धूम्रपान छोड़ने के कुछ ही घंटों के भीतर शरीर में सकारात्मक बदलाव प्रारंभ हो जाते हैं।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply