
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 जून 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर के राजापुर उपतहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। विधायक की बहन सीमा धनकी से कथित बदसलूकी और इसके बाद नायब तहसीलदार से मारपीट के मामले में दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज है। इसी बीच प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार विधायक व उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 1 जून से कामबंद-कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। मीडिया से चर्चा करते हुए नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने विधायक की बहन या किसी महिला के सम्मान को ठेस नहीं पहुंचाई है। उन्होंने मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए शासन से नार्को टेस्ट कराने की मांग करते हुए कहा कि सबसे पहले उनका नार्को टेस्ट कराया जाए,इसके बाद विधायक, उनकी बहन और मामले से जुड़ी एक अन्य महिला का भी परीक्षण कराया जाए। उनका कहना है कि इससे पूरे प्रकरण की वास्तविकता सामने आ जाएगी। तुषार मानिक ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई शासन से नहीं, बल्कि न्याय और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए है। उन्होंने उच्च स्तरीय मजिस्टि्रयल जांच की मांग करते हुए कहा कि जब तक विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशासनिक सेवा संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी : नायब तहसीलदार तुषार मानिक से कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ की सरगुजा इकाई ने दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में संघ ने कहा है कि 27 मई को नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ हुई घटना से जिले के प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारी-कर्मचारी आहत हैं। संघ का आरोप है कि अब तक मामले में अपेक्षित और संतोषजनक वैधानिक कार्रवाई नहीं होने से अधिकारियों और कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। संघ ने निर्णय लिया है कि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर 1 से 3 जून तक तीन दिनों तक अधिकारी एवं कर्मचारी काली पट्टी लगाकर नियमित शासकीय कार्य करते हुए शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे। यदि इस अवधि में भी विधि सम्मत कार्रवाई नहीं होती है तो इसके बाद दो दिन का सामूहिक अवकाश लेकर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आंदोलन का समर्थन किया जाएगा। साथ ही आगे की रणनीति की घोषणा अलग से की जाएगी।
जांच में किसी प्रकार की बाधा नहीं : विधायक
इधर विधायक रामकुमार टोप्पो ने भी नार्को टेस्ट कराने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे शुरू से ही निष्पक्ष जांच में पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस या किसी अन्य एजेंसी द्वारा जो भी जांच कराई जाएगी,वे उसके लिए पूरी तरह तैयार हैं। विधायक ने कहा कि यदि नार्को टेस्ट की आवश्यकता पड़ती है तो वे उसके लिए भी सहमत हैं और जांच में किसी प्रकार की बाधा नहीं बनने देंगे।
कला केन्द्र मैदान में दिया धरना
घटना के विरोध में सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (आरआई) और पटवारी संगठन आंदोलनरत हैं। हड़ताल के कारण तहसील कार्यालयों में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सरगुजा में अधिकारियों और कर्मचारियों ने कलाकेन्द्र मैदान में धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग दोहराई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur