, पार्षद प्रमोद तायल ने उठाई दो बड़ी मांगें
उप मुख्यमंत्री अरुण साव को पत्र भेजकर पेयजल संकट और अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था पर जताई चिंता
-संवाददाता-
सूरजपुर,31 मई 2026 (घटती-घटना)। नगरपालिका परिषद सूरजपुर के वार्ड क्रमांक-16 के पार्षद प्रमोद तायल बिसन ने शहर की दो प्रमुख समस्याओं पेयजल संकट और पार्किंग अव्यवस्था को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव को पत्र एवं ज्ञापन सौंपकर आवश्यक पहल की मांग की है।
पार्षद प्रमोद तायल ने पार्षद निधि से नए पानी टैंकर खरीदने का प्रावधान किए जाने की मांग करते हुए कहा है कि नगर क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है, वर्तमान में नगर पालिका के अधिकांश पानी टैंकर पुराने और जर्जर हो चुके हैं,जबकि कई टैंकर पूरी तरह खराब होकर उपयोग के योग्य नहीं बचे हैं, इसके कारण विभिन्न वार्डों में समय पर पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है और नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है,उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल संकट और अधिक बढ़ जाता है तथा ऐसे समय में पानी टैंकर ही लोगों को राहत पहुंचाने का प्रमुख माध्यम बनते हैं, लेकिन पर्याप्त और सुचारु टैंकर व्यवस्था नहीं होने से नगर पालिका प्रभावी ढंग से पानी उपलब्ध नहीं करा पा रही है, पार्षद ने मांग की कि पार्षद निधि से पानी टैंकर खरीदने की अनुमति दी जाए, ताकि जनप्रतिनिधि अपने वार्डों की आवश्यकता के अनुसार त्वरित व्यवस्था कर सकें और लोगों को राहत मिल सके।
शहर में पार्किंग संकट पर भी जताई चिंता
पार्षद प्रमोद तायल ने शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या को लेकर भी नगरीय प्रशासन मंत्री को ज्ञापन सौंपा है, उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण सूरजपुर में पार्किंग व्यवस्था गंभीर चुनौती बनती जा रही है, उन्होंने बताया कि मुख्य बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है,सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, कई बार एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होती है, पार्षद ने मांग की कि नगर के प्रमुख क्षेत्रों में व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित किए जाएं तथा आवश्यकता अनुसार मल्टीलेवल या स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था प्रारंभ की जाए,इसके साथ ही पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी, सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है, उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी,जिससे एक ओर पेयजल संकट से राहत मिलेगी और दूसरी ओर शहर की यातायात व्यवस्था भी सुगम हो सकेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur