-संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग के सबसे बड़े एवं एकमात्र स्वशासी संस्थान राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय,अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वर्तमान में सभी संकायों के स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु आवेदन लिए जा रहे हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय-सीमा के भीतर प्रवेश संबंधी समस्त औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार कला, विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर एवं विधि सहित विभिन्न विषयों में अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्या र्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान,नवाचार और कौशल विकास के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं,समृद्ध पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं,खेल सुविधाएं तथा डिजिटल शिक्षण संसाधन उपलब्ध हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने का आग्रह करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें रोजगारोन्मुख एवं समाजोपयोगी शिक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विद्यार्थी समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्नातक प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। स्वशासी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद क्रमशः अन्य कक्षाओं एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे। महाविद्यालय ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे प्रवेश, मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा करने संबंधी जानकारी केवल महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और सूचना पट्ट से ही प्राप्त करें तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur