नायब तहसीलदार मारपीट प्रकरण पर पूर्व मंत्री का तंज,कहा…गिरफ्तारी देनी है तो थाने जाएं
अंबिकापुर,30 मई 2026 (घटती-घटना)। राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार से मारपीट मामले में दर्ज एफआईआर के बीच पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने सीतापुर विधायक पर निशाना साधा है। विधायक द्वारा गिरफ्तारी देने आईजी कार्यालय आने और फिर समर्थकों के समझाने पर वापस लौटने की घटना को उन्होंने ड्रामेबाजी बताया है। अमरजीत भगत ने कहा कि यदि किसी को गिरफ्तारी देनी है तो उसके लिए थाना मौजूद है। आईजी कार्यालय तक रैली के साथ पहुंचना और फिर लौट जाना केवल दिखावा है। उन्होंने कहा कि अब तक ऐसा नहीं सुना गया कि कोई व्यक्ति आईजी कार्यालय जाकर सरेंडर करता हो। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में सुशासन की बात की जा रही है,लेकिन इस तरह की घटनाएं और राजनीतिक नाटक लगातार सामने आ रहे हैं। नियम और प्रक्रिया के तहत गिरफ्तारी देनी है तो संबंधित थाने में जाकर दी जानी चाहिए। गौरतलब है कि 27 मई को राजापुर में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक पर विधायक की बहन ने बदसलूकी और फाइल फेंकने का आरोप लगाया था। इसके बाद नायब तहसीलदार ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। नायब तहसीलदार की रिपोर्ट पर विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद राजस्व अधिकारियों ने शुक्रवार को गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक दिन की कलमबंद हड़ताल भी की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur