Breaking News

सूरजपुर@ गंगा दशहरा पर दुलही तालाब में हुआ भव्य माँ गंगा पूजन और महाआरती का आयोजन.

Share


दीपों की रोशनी से जगमगाया दुलही तालाब
सूरजपुर,28 मई 2026 (घटती-घटना)।
दुलही तालाब में गंगा दशहरा के पावन पर्व पर मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत माँ गंगा पूजन एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, रंग-बिरंगी रोशनी से सजे तालाब परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शाम होते ही पूरा दुलही तालाब दीपों की रोशनी से जगमगाने लगा और वातावरण धार्मिक आस्था से सराबोर हो उठा।
विधि-विधान से हुआ माँ गंगा का पूजन-कार्यक्रम का आयोजन सरोवर धरोहर सुरक्षा समिति द्वारा किया गया,शाम 7 बजे से बड़ी संख्या में महिलाएं दीपदान के लिए पहुंचीं, धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित राजेश दुबे ‘बबलू महाराज’ एवं पंडित अभिसार दुबे ने विधि-विधान से मोक्षदायिनी माँ गंगा का पूजन और महाआरती कराई, इसके बाद सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ, जिससे पूरा तालाब परिसर भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश- इस आयोजन की खास बात यह रही कि समिति ने विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए आटे से बने दीयों का उपयोग करने की अपील की थी, महिलाओं ने अपने घरों से आटे के दीये बनाकर लाए और दीपदान किया, आयोजन समिति का उद्देश्य था कि पूजा के बाद तालाब में प्रवाहित किए गए आटे के दीये मछलियों के भोजन के रूप में उपयोग हो सकें और तालाब परिसर भी स्वच्छ बना रहे, समिति की इस पहल की लोगों ने सराहना की।
धार्मिक आस्था के साथ संरक्षण का संदेश- दुलही तालाब रंग-बिरंगी मछलियों और धार्मिक आस्था के लिए भी जाना जाता है, प्रतिदिन यहां बड़ी संख्या में लोग मछलियों को दाना खिलाने पहुंचते हैं। सरोवर धरोहर सुरक्षा समिति पिछले पांच वर्षों से गंगा दशहरा पर इस आयोजन के माध्यम से सरोवरों की स्वच्छता,संरक्षण और धार्मिक महत्व के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है।
जनसहयोग से सफल हुआ आयोजन- आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष चंचलेश श्रीवास्तव,पार्षद मुकेश गर्ग,प्यारेलाल साहू,कन्हैया लाल अग्रवाल,डॉ. रजनीश गर्ग, भोला साहू,पूनम गर्ग और स्पर्श श्रीवास्तव सहित समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।


Share

Check Also

कोरिया/एमसीबी@ तरईया पुल टूटा,रास्ता बंद…अब 17 की जगह 24 किमी का सफर

Share तरईया पुल क्षतिग्रस्त,कोटाडोल-कमर्जी आवागमन पर ब्रेक कोटाडोल-कमर्जी मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित…7 सितंबर तक डायवर्जन…उल्लंघन …

Leave a Reply