चौपाइयों और जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा कैलाशपुर
सोनहत,27 मई 2026(घटती-घटना)। कैलाशपुर में आयोजित तीन दिवसीय रामचरितमानस गायन-वादन प्रतियोगिता का भक्तिमय वातावरण में भव्य समापन हुआ,देर रात से शुरू होकर पूरी रात चले इस आयोजन में आसपास के कई गांवों से पहुंची मानस मंडलियों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया,पूरा गांव जय श्रीराम के उद्घोष और मानस की चौपाइयों से राममय हो उठा, कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देर रात तक भक्ति में डूबी नजर आई।
रामचरितमानस जीवन जीने की सर्वोत्तम शिक्षा
गुलाब कमरो-कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने अपने उद्बोधन में कहा कि रामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं,बल्कि जीवन जीने की सबसे सुंदर शिक्षा है, उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने मानस के माध्यम से समाज को प्रेम,करुणा,सेवा और मर्यादा का संदेश दिया है,उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि सत्ता से बड़ा सत्य और बल से बड़ा चरित्र होता है, वनवास प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी श्रीराम ने धैर्य और मर्यादा नहीं छोड़ी,जो आज समाज के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।
मानस की चौपाइयों ने बांधा समां
पूरी रात चली प्रतियोगिता में विभिन्न मानस मंडलियों ने भजन,चौपाइयों और वादन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वक्ताओं ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों का स्मरण करते हुए कहा कि उनका चरित्र त्याग, सेवा,वचनबद्धता और समाज के प्रति समर्पण का संदेश देता है, कार्यक्रम में रजवार समाज के अध्यक्ष ने कहा कि रामचरितमानस हमारी संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
ग्रामीणों और युवाओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम का संचालन बसंत राजवाड़े एवं सुमित राजवाड़े ने किया,उन्होंने आयोजन को श्रद्धा, संस्कृति और सामूहिक भक्ति का उत्सव बताते हुए सभी ग्रामवासियों,मानस मंडलियों और युवाओं का आभार व्यक्त किया,इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल,जनपद सदस्य सोनिया सुमित राजवाड़े,सौरभ मिश्रा, रामनरेश पटेल,यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चंद्र साहू,सांसद प्रतिनिधि अविनाश पाठक,रुद्र साहू और मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे,समापन अवसर पर विजेता मानस मंडलियों को सम्मानित किया गया,आयोजन की सफलता से उत्साहित ग्रामीणों ने अगले वर्ष और भी भव्य आयोजन करने की बात कही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur