Breaking News

अम्बिकापुर@शराब दुकान के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन

Share


जनदर्शन में पहुंचीं ग्रामीण महिलाएं,कलेक्ट्रेट परिसर में की नारेबाजी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। दरिमा क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व शुरू हुई अंग्रेजी शराब दुकान का विरोध अब तेज हो गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष जनदर्शन में पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान बंद कराने की मांग की। इस दौरान महिलाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब दुकान खुलने से माहौल खराब हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं और युवाओं पर पड़ रहा है। गांव में विवाद और सामाजिक समस्याएं बढऩे लगी हैं। महिलाओं ने कहा कि शराब बिक्री शुरू होने के बाद परिवारों का माहौल बिगड़ रहा है और असुरक्षा की भावना बढ़ी है। जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने कलेक्टर अजीत बसंत को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान बंद कराने की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। महिलाओं ने बताया कि वे योजना का लाभ ले रही हैं। इसके बाद कथित तौर पर कलेक्टर ने कहा कि जिस तरह महतारी वंदन योजना सरकार की योजना है, उसी तरह शराब दुकान भी सरकार की नीति के तहत संचालित हो रही है। कलेक्टर की इस बात पर महिलाएं नाराज हो गईं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना और शराब दुकान का कोई संबंध नहीं है। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि उन्हें योजना से ज्यादा गांव में शांति और सुरक्षा चाहिए। उनका कहना था कि गांव में शराब दुकान बंद होना जरूरी है। विरोध के दौरान महिलाओं ने ‘शराब दुकान बंद करो ‘,‘गांव बचाओ’ जैसे नारे लगाए। कुछ देर तक कलेक्ट्रेट परिसर में माहौल गर्म रहा। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शराब दुकान बंद नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ थाने के सामने महिला अधिकारी से चेन स्नेचिंग बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं एक बार फिर सिर …

Leave a Reply