मेडिकल कॉलेज अस्पताल में परिजनों का हंगामा,डॉक्टर से स्पष्टीकरण लेने की बात
अम्बिकापुर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान एक महिला मरीज को थप्पड़ मारने का आरोप सामने आया है। घटना मंगलवार की है। ऑपरेशन के बाद महिला ने अपने पति और परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने संबंधित महिला डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार शहर की एक महिला नसबंदी कराने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची थी। यहां ड्यूटी पर पदस्थ महिला डॉक्टर द्वारा उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। महिला का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उसे काफी दर्द हो रहा था। नसबंदी वाले हिस्से को सुन्न किया गया था, लेकिन ऊपर के हिस्से में दर्द महसूस हो रहा था। इस दौरान उसने डॉक्टर को दर्द होने की जानकारी दी। महिला मरीज का कहना है कि दर्द की वजह से उसने पैर हिलाया तो डॉक्टर नाराज हो गईं। आरोप है कि डॉक्टर ने रूखे अंदाज में बात करते हुए कहा कि ‘यहां क्यों आ जाते हो’ और गुस्से में उसे थप्पड़ मार दिया। महिला ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान वह दर्द से परेशान थी और ऊपर से डॉक्टर का व्यवहार उसे और परेशान कर गया। घटना की जानकारी मिलते ही महिला के पति और अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए संबंधित डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग की। महिला के पिता पुनील मंडल ने कहा कि मरीज इलाज कराने अस्पताल आते हैं, ऐसे में डॉक्टरों को धैर्य रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि डॉक्टर ही इस तरह का व्यवहार करेंगे तो मरीज कहां जाएगा। उन्होंने दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर अस्पताल में पदस्थ वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से डॉक्टर जेके रेलवानी ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान पहली बार एनेस्थीसिया का डोज पर्याप्त नहीं हो पाया होगा, जिसके कारण महिला को दर्द महसूस हुआ। बाद में दोबारा डोज देने के बाद ऑपरेशन पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ को मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए लिखित निर्देश भी जारी किए जाएंगे ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने। वहीं महिला डॉक्टर पर लगे थप्पड़ मारने के आरोप को लेकर उन्होंने कहा कि संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur