Breaking News

अम्बिकापुर@एनएच-130 पर भीषण सडक हादसा…पिकअप क्लीनर की मौत

Share


खड़ी ट्राला से भिड़ी आम लोड पिकअप,गैस कटर से काटकर निकाला गया शव

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सडक हादसे में पिकअप वाहन के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डांडगांव स्थित प्रिंस ढाबा के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि रायपुर से अंबिकापुर की ओर आम लोडकर आ रही पिकअप विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और सडक किनारे खड़ी ट्राला से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन में सवार क्लीनर केबिन में बुरी तरह फंस गया और दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुर के गुढिय़ारी क्षेत्र निवासी खुर्सी के रूप में हुई है। हादसे के बाद सामने से आ रहा हाईवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक लीनूस लकड़ा और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप में फंसे शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन की बॉडी काटकर करीब सुबह 10 बजे शव बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर भेजा गया।
पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में पिकअप चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार हाईवा चालक की तलाश की जा रही है। इधर, स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे-130 पर लगातार हो रहे सडक हादसों पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@पूर्व सैनिकों का किया गया सम्मान…

Share पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों के कल्याण संबंधी विषयों पर हुई चर्चा अम्बिकापुर,26 मई …

Leave a Reply