ऑनलाइन ठगी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार,खाते में आए थे 5.73 लाख रुपए
अम्बिकापुर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के बैंक खाते में ऑनलाइन साइबर ठगी की रकम जमा होने की पुष्टि हुई है। मामले में थाना गांधीनगर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की लगातार धरपकड़ की जा रही है। पुलिस मुख्यालय (तकनीकी सेवाएं) नवा रायपुर से मिले निर्देशों के बाद म्यूल अकाउंट के खिलाफ विशेष जांच शुरू की गई थी।
कई राज्यों से दर्ज थीं शिकायतें : जांच के दौरान आईडीबीआई बैंक के खाता क्रमांक 0700104000343329 का बैंक स्टेटमेंट और केवाईसी दस्तावेजों का अवलोकन किया गया। यह खाता लक्ष्मण नागेश निवासी गुजरवार, अंबिकापुर के नाम पर संचालित पाया गया। पुलिस के अनुसार उक्त खाते के खिलाफ गुजरात,कर्नाटक,पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और तमिलनाडु सहित कई राज्यों से साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज थीं। जांच में सामने आया कि खाते में साइबर ठगी से संबंधित कुल 5 लाख 73 हजार 999 रुपए जमा हुए थे।
खाते में 33 लाख से अधिक का लेन-देन : विवेचना के दौरान बैंक स्टेटमेंट की जांच में यह भी पता चला कि 21 सितंबर 2024 से 14 अक्टूबर 2024 के बीच खाते में कुल 33 लाख 15 हजार 10 रुपए जमा होकर अन्य खातों में ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी लक्ष्मण नागेश ने बताया कि उसने किसी व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन गेमिंग में रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाता खुलवाया था। आरोपी ने खाते की पासबुक, एटीएम और सिम दूसरे व्यक्ति को देने के एवज में 10 हजार रुपए नकद लेना स्वीकार किया।
मोबाइल और सिम जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल और सिम कार्ड जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 248/2026 के तहत धारा 317(4), 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, आरक्षक अरविंद उपाध्याय, ऋषभ सिंह एवं अमृत सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur