फर्जी दस्तावेजों से 3.25 हेक्टेयर जमीन हड़पने का खुलासा
फर्जी नामांतरण कर मुआवजा और नौकरी पाने की थी तैयारी, चंदौरा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूरजपुर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, थाना चंदौरा पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जी नामांतरण कर जमीन अपने नाम कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है,आरोप है कि मृत व्यक्ति का फर्जी उत्तराधिकारी बनाकर राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया गया और इसके जरिए मुआवजा व नौकरी प्राप्त करने की तैयारी की जा रही थी।
ग्राम परमेश्वरपुर निवासी 75 वर्षीय शिवचरण ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सूरजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम बंशीपुर उप तहसील जरही स्थित उनकी भूमि को फर्जी तरीके से दूसरे लोगों के नाम दर्ज करा लिया गया है, शिकायत में खसरा नंबर 273, 290, 1584, 1653, 1654, 1673, 1675 और 1676 की कुल 3.25 हेक्टेयर भूमि का उल्लेख किया गया था, मामले की जांच एसडीओपी प्रतापपुर द्वारा की गई, जांच में सामने आया कि आरोपी पक्ष ने मृतक शिवभजन का फर्जी उत्तराधिकारी बनाकर नामांतरण प्रक्रिया पूरी कराई थी।
मृत्यु के दो साल बाद हुआ नामांतरण
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि शिवभजन की मृत्यु 20 सितंबर 2014 को हो चुकी थी,लेकिन वर्ष 2016 में फर्जी पंचनामा तैयार कर लक्ष्मण सिंह को उसका पुत्र और वैध उत्तराधिकारी दर्शा दिया गया, इसके बाद राजस्व रिकॉर्ड में फौती नामांतरण कर भूमि को अपने नाम दर्ज करा लिया गया,पुलिस के अनुसार यह पूरा काम सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी, छल और जालसाजी के माध्यम से किया गया था,आरोपियों का उद्देश्य जमीन के साथ-साथ मुआवजा और नौकरी का लाभ लेना भी बताया गया है।
आरोपी गिरफ्तार,एक अन्य की तलाश जारी
मामले में पुलिस ने आरोपी अशोक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है,पूछताछ में उसने फर्जी पंचनामा तैयार कर भूमि अपने पिता के नाम नामांतरित कराने की बात स्वीकार की है, मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120(बी) और 34 के तहत अपराध दर्ज किया है।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर थाना चंदौरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया,इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे,एएसआई नील कुसुम बेक,आरक्षक अवधेश कुशवाहा,शेखर मानिकपुरी और अमृत जगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही,फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur