- पेट्रोल पंप के बाहर आधी रात तक लगती भारी वाहनों की कतार, नागरिकों ने उठाए यातायात प्रबंधन पर सवाल
- स्टेडियम चौपाटी से लेकर रिंग रोड तक अव्यवस्था का आलम, लोग बोले—“भगवान भरोसे चल रही ट्रैफिक व्यवस्था”
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर की यातायात व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है और इसका खामियाजा रोज आम नागरिक भुगत रहे हैं। नमनाकला रिंग रोड से सामने आई तस्वीरों ने एक बार फिर ट्रैफिक प्रबंधन की हकीकत उजागर कर दी है। स्थानीय नागरिक कमल पटेल द्वारा जारी तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि रिंग रोड स्थित पेट्रोल पंप के बाहर रोजाना दोपहर बाद से ट्रकों की लंबी कतार लग जाती है, जो देर रात तक बनी रहती है।
डीजल भराने के इंतजार में खड़े भारी वाहन सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा जमा लेते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक चालक बिना किसी रोक-टोक के सड़क पर लाइन लगाकर खड़े रहते हैं और यातायात व्यवस्था संभालने वाला कोई नजर नहीं आता।
शाम होते ही बिगड़ जाती है शहर की रफ्तार
लोगों का कहना है कि शाम होते-होते पूरे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है। बाजार क्षेत्र, चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर लंबा जाम लगना अब रोज की समस्या बन चुकी है। ऑफिस से लौटने वाले कर्मचारी, स्कूली बच्चे, व्यापारी और आम लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
नागरिकों ने नगर के यातायात प्रभारी से इस संबंध में शिकायत भी की है, लेकिन हालात में अब तक कोई प्रभावी सुधार दिखाई नहीं दे रहा। लोगों का आरोप है कि यातायात व्यवस्था अनुभवहीन प्रबंधन का शिकार हो चुकी है। बढ़ते वाहनों के दबाव के अनुरूप न तो प्लानिंग दिखाई देती है और न ही सख्त निगरानी।
चौपाटी क्षेत्र की हालत सबसे ज्यादा खराब
स्टेडियम के पीछे स्थित चौपाटी क्षेत्र की स्थिति को लेकर लोगों में सबसे ज्यादा नाराजगी है। शाम के समय यहां सड़क किनारे खड़े वाहन, अव्यवस्थित पार्किंग, ठेले और अनियंत्रित भीड़ के कारण हालात बेहद खराब हो जाते हैं। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन तक जाम में फंस जाते हैं।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “चौपाटी के पास की यातायात व्यवस्था का तो अब भगवान ही मालिक है।” लोगों का सवाल है कि आखिर शहर में यातायात सुधार के लिए गंभीर प्रयास क्यों नहीं किए जा रहे? जब रोजाना जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है तो जिम्मेदार विभाग स्थायी समाधान की दिशा में काम क्यों नहीं कर रहा?
हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन?
नागरिकों का कहना है कि रिंग रोड और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जिस तरह भारी वाहन खड़े किए जा रहे हैं, वह किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण देने जैसा है। यदि समय रहते ट्रैफिक व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं। रिंग रोड पर ट्रकों की पार्किंग नियंत्रित की जाए, पेट्रोल पंपों के बाहर भारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था बनाई जाए और चौपाटी समेत संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित ट्रैफिक निगरानी बढ़ाई जाए। शहरवासियों का कहना है कि अब केवल बैठकों और निर्देशों से काम नहीं चलेगा, बल्कि सड़क पर दिखाई देने वाली कार्रवाई जरूरी है।
26 ×§üU 2026Ð
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur