सिलफिली मंडी की वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान
औचक निरीक्षण के बाद प्रशासन हरकत में…
सूरजपुर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले की सिलफिली सब्जी मंडी में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को आखिरकार राहत मिल गई है,महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की तत्पर पहल के बाद मंडी परिसर में ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और सार्वजनिक शौचालय संचालन की समस्या का समाधान कर दिया गया है, दरअसल, 10 मई को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सिलफिली सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण किया था, निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उन्हें मंडी परिसर में लगे ट्रांसफार्मर की अनुचित स्थिति और सार्वजनिक शौचालय के बंद रहने की समस्या से अवगत कराया था, लोगों ने बताया था कि ट्रांसफार्मर की वजह से मंडी में आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
ट्रांसफार्मर शिफ्ट होने से बढ़ी सुरक्षा और सुविधा
मंडी परिसर में वर्षों से लगा ट्रांसफार्मर व्यापारियों और ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। सब्जी खरीदी करने आने वाले लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती थी, वहीं बारिश और भीड़ के दौरान सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती थी, मंत्री राजवाड़े ने मौके पर ही बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए, इसके बाद विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर को सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट कर दिया, अब मंडी परिसर में आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है, व्यापारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर हटने से जगह भी खाली हुई है और मंडी में भीड़भाड़ की स्थिति कम हुई है।
सार्वजनिक शौचालय भी हुआ व्यवस्थित
सिर्फ ट्रांसफार्मर ही नहीं, बल्कि मंडी क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालय की समस्या का भी समाधान किया गया। लंबे समय से व्यवस्थित संचालन नहीं होने के कारण व्यापारियों, महिलाओं और ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, मंत्री की पहल के बाद शौचालय को नियमित रूप से संचालित कराया गया, जिससे लोगों को स्वच्छ और सुविधाजनक मूलभूत सुविधा उपलब्ध हो सकी है, खासकर महिला व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को इससे राहत मिली है।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिकायतों को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखा,बल्कि मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित कराई,लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का इतने कम समय में समाधान होना प्रशासनिक सक्रियता का उदाहरण है,क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि इसी तरह अन्य जनसमस्याओं का भी त्वरित निराकरण किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur