
कार्रवाई नहीं हुई तो टीएस सिंह देव करेंगे आमरण अनशन,
दीपक बैज बैठेंगे क्रमिक भूख हड़ताल
धरना स्थल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत भी मौजूद
विश्रामपुर,26 मई 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना के सामने कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अब बड़े राजनीतिक आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार शाम 6 बजे तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई,तो पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे,जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
धरना स्थल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत की मौजूदगी से आंदोलन को और राजनीतिक मजबूती मिली है। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लगातार धरना स्थल पर डटे हुए हैं।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए एक विवाद के बाद पुलिस द्वारा आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह कार्रवाई एकतरफा और राजनीतिक दबाव में की गई है।
कांग्रेस का कहना है कि नरेंद्र जैन के घर जाकर विवाद और हंगामा करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के खिलाफ बार-बार शिकायत और मांग के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। इसी मुद्दे को लेकर 25 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता विश्रामपुर थाना पहुंचे थे।
पुलिस पर अडि़यल रवैये का आरोप
धरना स्थल से संबोधित करते हुए टीएस सिंह देव ने कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार अडि़यल रवैया अपना रहा है और कांग्रेस की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। उन्होंने कहा कि वे मंगलवार को सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं और यदि शाम 6 बजे तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे।
वहीं दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को संरक्षण देने के लिए प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई से बच रहा है।
देर रात तक धरने पर डटे रहे नेता
बताया गया कि सोमवार देर रात करीब 2ः30 बजे तक टीएस सिंह देव और दीपक बैज धरना स्थल पर मौजूद रहे। इसके बाद मंगलवार सुबह 11 बजे से फिर आंदोलन शुरू हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। बड़ी संख्या में समर्थक नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जता रहे हैं। क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है।
प्रशासन की कार्यवाही पर टिकी निगाहें
फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। यदि शाम तक कोई निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र हो सकता है। कांग्रेस नेताओं ने साफ संकेत दिए हैं कि यह सिर्फ एक जिले का आंदोलन नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था और राजनीतिक भेदभाव के खिलाफ लड़ाई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur