अम्बिकापुर,25 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से‘ओजस्वी सरगुजा’ योजना की शुरुआत की गई है। योजना के तहत जिले के 55 मेधावी विद्यार्थियों को NEET एवं JEE परीक्षा की तैयारी के लिए रायपुर भेजा गया,जहां उन्हें प्रतिष्ठित ्रAllen Career Institute में आवासीय कोचिंग दी जाएगी। सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर से विद्यार्थियों एवं पालकों को लेकर रवाना हुई तीन बसों को मंत्री राजेश अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि सरगुजा के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखने वाला ऐतिहासिक क्षण है। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आज चयनित विद्यार्थी भविष्य में डॉक्टर,इंजीनियर और राष्ट्र निर्माता बनकर समाज का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के चयनित विद्यार्थियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन बच्चों ने साबित किया है कि प्रतिभा परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा,‘यह यात्रा केवल रायपुर तक की नहीं, बल्कि आपके सपनों, संघर्षों और सफलता की यात्रा है। पूरी मेहनत, अनुशासन और आत्म विश्वास के साथ आगे बढ़ें। ‘ कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल तथा जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और पालक उपस्थित रहे।
55 विद्यार्थियों का चयन : योजना के तहत कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया गया है। कुल 50 विद्यार्थियों के साथ विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के 5 अतिरिक्त विद्यार्थियों का चयन किया गया। इनमें 36 विद्यार्थी NEET तथा 19 विद्यार्थी JEE की तैयारी करेंगे।
हर महीने मिलेगी छात्रवृत्ति : विद्यार्थियों के भोजन एवं आवास की व्यवस्था के लिए प्रत्येक चयनित छात्र-छात्रा को 7500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। जिला खनिज संस्थान न्यास के सहयोग से संचालित यह योजना सरगुजा के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur