

मनेंद्रगढ़ बिजली विभाग में ACB की रेड,जेई और लाइनमैन रिश्वत लेते धराए
बिजली कनेक्शन के नाम पर ‘करंट टैक्स’ वसूलने का खेल बेनकाब
मनेंद्रगढ़,25 मई 2026 (घटती-घटना)। मनेंद्रगढ़ में बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आने के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। ्रAnti Corruption Bureau की टीम ने कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) मनीष कुमार बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार डोमनापारा निवासी रमेश सिंह ने अपने घर में बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि कनेक्शन लगाने के बदले जेई और लाइनमैन ने 10 हजार रुपये की मांग की। दोनों ने कहा कि घर तक लाइन खींचने और कनेक्शन देने में‘खर्च’ आता है,इसलिए पैसा देना पड़ेगा। सरकारी दफ्तरों में आम आदमी अक्सर मजबूरी में रिश्वत देकर चुप हो जाता है,लेकिन इस बार रमेश सिंह ने हिम्मत दिखाई और मामले की शिकायत अंबिकापुर स्थित एसीबी कार्यालय में कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरी योजना तैयार की। टीम मनेंद्रगढ़ पहुंची और शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही रमेश सिंह ने 9 हजार 500 रुपये की राशि जेई मनीष कुमार बजाज को दी, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान लाइनमैन राकेश शुक्ला को भी हिरासत में लिया गया। रेड के बाद बिजली विभाग कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसीबी अधिकारियों ने विभागीय दस्तावेजों की जांच की और सहायक अभियंता से भी पूछताछ की। गिरफ्तार दोनों कर्मचारियों को आगे की कार्रवाई के लिए अंबिकापुर ले जाया गया है। यह मामला एक बार फिर सरकारी विभागों में व्याप्त रिश्वतखोरी पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। जिस विभाग का काम लोगों के घरों तक उजाला पहुंचाना है,वहीं अगर सुविधा के बदले‘कमीशन’ मांगा जाए तो आम जनता का भरोसा कमजोर होना तय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कनेक्शन,मीटर और लाइन सुधार जैसे कामों में अवैध वसूली की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं। अब लोगों को उम्मीद है कि एसीबी की इस कार्रवाई के बाद विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर कुछ अंकुश लगेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur