950 लीटर डीजल,2 टैंकर और स्कॉर्पियो जब्त,एक आरोपी अब भी फरार
सूरजपुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले में डीजल चोरी के बड़े खेल का खुलासा करते हुए सूरजपुर पुलिस ने ढाबे की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है,थाना प्रतापपुर पुलिस ने ग्राम दुरती स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में रेड कार्रवाई कर ढाबा संचालक और एक टैंकर चालक को गिरफ्तार किया है, मौके से करीब 950 लीटर डीजल, दो टैंकर,एक स्कॉर्पियो वाहन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई…
पुलिस को सूचना मिली थी कि अन्नपूर्णा ढाबा संचालक रविकांत यादव अपने सहयोगियों के साथ भारतीय पेट्रोलियम कंपनी के टैंकरों से डीजल निकालकर बेचने का अवैध काम कर रहा है,बताया गया कि दोनों टैंकर मुगलसराय से उड़ीसा के लिए निकले थे और रास्ते में ढाबे पर रुककर डीजल चोरी की जा रही थी, सूचना मिलते ही थाना प्रतापपुर पुलिस ने देर रात ढाबे में दबिश दी,रेड के दौरान पुलिस ने देखा कि टैंकर के ऑयल टैंक को काटकर पाइप के जरिए ड्रम और जरिकेन में डीजल भरा जा रहा था।
ढाबे के पीछे कमरे से मिला भारी मात्रा में डीजल
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ढाबे के पीछे बने कमरे से चार बड़े ड्रम,कई प्लास्टिक जरिकेन और लगभग 950 लीटर डीजल बरामद किया, जब्त डीजल की कीमत करीब 93 हजार 100 रुपये बताई गई है,इसके अलावा कटिंग मशीन,पाइप,लोहे की चाबी,मापने वाला पात्र और टैंकर में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए,पुलिस ने मौके से दो टैंकर वाहन और एक काले रंग की स्कॉर्पियो को भी जब्त किया है, जिनका इस्तेमाल इस अवैध कारोबार में किया जा रहा था।
दो आरोपी गिरफ्तार,एक चालक फरार
मामले में पुलिस ने ढाबा संचालक रविकांत कुमार यादव और टैंकर चालक सलीम रहमान खान को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरे टैंकर का चालक सलमान मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी के निर्देश पर अवैध कारोबारियों पर सख्ती
प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, पुलिस का कहना है कि डीजल चोरी और तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रतापपुर नरेन्द्र सिंह, एएसआई राजेश यादव, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur