मोबाइल फॉरेंसिक वैन से अपराध जांच को मिलेगी नई रफ्तार : मंत्री राजेश अग्रवाल

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 मई 2026 (घटती-घटना)। प्रदेश में कानून व्यवस्था और वैज्ञानिक अपराध अनुसंधान को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पर्यटन,संस्कृति,धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने रविवार को अंबिकापुर पुलिस ग्राउंड में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
घटनास्थल पर ही
होगी वैज्ञानिक जांच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार तकनीक आधारित सुशासन और मजबूत कानून व्यवस्था के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराध अनुसंधान प्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके माध्यम से घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच संभव हो सकेगी, जिससे अपराधों की जांच पहले से अधिक तेज, सटीक और विश्वसनीय बनेगी।
चलती-फिरती वैज्ञानिक
प्रयोगशाला की तरह करेगी काम
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित यह मोबाइल फॉरेंसिक वैन पुलिस विभाग के लिए चलती-फिरती वैज्ञानिक प्रयोगशाला की तरह कार्य करेगी। इससे साक्ष्य संग्रहण, संरक्षण और प्रारंभिक परीक्षण तत्काल घटनास्थल पर ही किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इससे जांच में लगने वाला समय कम होगा और साक्ष्यों के नष्ट या दूषित होने की संभावना भी काफी हद तक घटेगी।
अपराध अनुसंधान में आएगा बड़ा बदलाव
मोबाइल फॉरेंसिक वैन के संचालन से अपराध जांच प्रणाली को नई गति मिलेगी। अब पुलिस को प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण के लिए लंबी प्रक्रिया का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। घटनास्थल पर ही डिजिटल दस्तावेजीकरण, फोटोग्राफी,फिंगरप्रिंट परीक्षण और अन्य तकनीकी जांच संभव हो सकेगी। विशेषज्ञों के अनुसार वैज्ञानिक साक्ष्य किसी भी अपराध की जांच में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कई बार प्रयोगशाला तक साक्ष्य पहुंचाने में देरी के कारण उनकी गुणवत्ता प्रभावित हो जाती थी,लेकिन यह वैन इस समस्या का प्रभावी समाधान साबित होगी।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है वैन
मोबाइल फॉरेंसिक वैन में घटनास्थल संरक्षण किट,साक्ष्य संग्रहण एवं सीलिंग उपकरण,फिंगरप्रिंट डिटेक्शन सिस्टम, नारकोटिक्स परीक्षण किट, डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट सिस्टम, हाई रिजॉल्यूशन फोटोग्राफी उपकरण, बुलेट होल स्क्रीनिंग एवं बैलिस्टिक जांच किट तथा गनशॉट रेजिड्यू परीक्षण किट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा कंप्यूटर आधारित डेटा विश्लेषण प्रणाली,डिजिटल रिकॉर्डिंग व्यवस्था और सुरक्षित साक्ष्य संरक्षण की सुविधा भी वैन में मौजूद है। इससे हत्या, सड़क दुर्घटना,साइबर अपराध,नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य गंभीर मामलों में मौके पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक विश्लेषण संभव हो सकेगा।
साक्ष्य आधारित न्याय व्यवस्था को मिलेगा बल
राज्य सरकार का उद्देश्य अपराध अनुसंधान को तकनीकी रूप से मजबूत बनाना और न्याय प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित जांच को बढ़ावा मिलेगा, जिससे दोषियों के खिलाफ मजबूत प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इससे निर्दोष लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी और आम नागरिकों का कानून व्यवस्था तथा न्याय प्रणाली के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur