अम्बिकापुर ,22 मई 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट घूमने आई एक महिला पर्यटक की सडक हादसे में मौत हो गई। महिला अपने परिवार व अन्य लोगों के साथ बस से मैनपाट घूमने आई थी। लौटने के दौरान मेन्ड्राकला के पास सडक पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार देवकी बाई पाल (55) पति विशंभर पाल ग्राम तुरमा थाना भाटापारा जिला बलौदाबाजार की रहने वाली थी। वह परिवार व गांव के अन्य लोगों के साथ बस में सवार होकर मैनपाट घूमने आई थी। बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। मैनपाट घूमने के बाद सभी अंबिकापुर पहुंचे और मां महामाया मंदिर में दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार को मेन्ड्राकला पेट्रोल पंप के पास सडक किनारे खाली मैदान में बस रोककर सभी लोग खाना बनाने व खाने के लिए रुके थे। खाना खाने के बाद देवकी बाई पत्तल फेंकने के लिए सडक पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन व साथ आए लोग तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन यहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur