- अंबिकापुर स्टेशन से आंदोलनकारियों को किया गया रवाना, बड़ी संख्या में शामिल हुए समाजजन
- धर्मांतरण कर चुके लोगों को जनजातीय लाभ से अलग करने की उठी मांग
अंबिकापुर,22 मई 2026 (घटती-घटना)। जनजातीय अधिकारों और डीलिस्टिंग की मांग को लेकर सरगुजा अंचल से बड़ी संख्या में जनजाति समाज के लोग शुक्रवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुए। जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले निकले इस जत्थे का नेतृत्व आदिवासी नेता इंदर भगत कर रहे हैं। आंदोलनकारियों को भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश सिंह चंदेल, जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, बस्तर संभाग प्रभारी हरपाल सिंह भामरा, जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अम्बिकेश केशरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व इंदर भगत ने कहा कि जनजातीय समाज अपने संवैधानिक अधिकारों, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक अस्मिता की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग धर्म परिवर्तन कर चुके हैं, उन्हें अनुसूचित जनजाति वर्ग को मिलने वाले आरक्षण और अन्य संवैधानिक लाभों का पात्र नहीं माना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराएं, संस्कृति, रीति-रिवाज और धार्मिक पहचान उसकी मूल आत्मा हैं। यदि कोई व्यक्ति अपनी पारंपरिक जनजातीय आस्था और संस्कृति को छोड़कर अन्य धर्म स्वीकार करता है, तो उसे अनुसूचित जनजाति वर्ग के विशेष अधिकारों का लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि डीलिस्टिंग के माध्यम से ऐसे लोगों को चिन्हित कर अलग करना आवश्यक है, ताकि वास्तविक जनजातीय समाज के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
इंदर भगत ने बताया कि दिल्ली में इस विषय को लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं से मुलाकात कर जनजातीय समाज की भावनाओं और मांगों से अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर रामलखन सिंह पैकरा, जनमेजय मिश्रा, बाबूलाल अग्रवाल, नंदकिशोर ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं समर्थक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur