- दीपक बैज बोले…दिल्ली में करें काम,सिंहदेव
- ने कहा…मुझमें आज भी युवाओं वाली ऊर्जा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 मई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस में बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की दावेदारी को लेकर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने उन्हें दिल्ली जाकर काम करने की सलाह दी। बैज ने कहा कि प्रदेश में युवा काम कर रहे हैं और युवाओं को मौका मिलना चाहिए। दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी बेहतर काम कर रही है। टीएस सिंहदेव बड़े नेता हैं और उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। ऐसे में उन्हें दिल्ली में पार्टी के लिए काम करना चाहिए। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि पता नहीं किस सोच के साथ यह बात कही गई। दीपक बैज हमारे अध्यक्ष हैं और उनसे मेरे अच्छे संबंध रहे हैं। युवाओं को मौका जरूर मिलना चाहिए, लेकिन मैं खुद में आज भी युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करता हूं। उन्होंने कहा कि हो सकता है बैज का संकेत यह हो कि जिनके पास युवाओं जैसी ऊर्जा है,उन्हें आगे भी जिम्मेदारी मिलती रहेगी। अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को लेना है।
पहले प्रदेश में कांग्रेस मजबूत करना जरूरी
सिंहदेव ने कहा कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में उन्हें स्टैंडिंग कमेटी चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई थी। सीईसी सदस्य के रूप में पांच राज्यों के चुनाव में भी भागीदारी रही। उन्होंने कहा कि सबसे पहली जिम्मेदारी अपने प्रदेश और कार्यक्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करना है। फिलहाल वे इसी काम में जुटे हैं और पूरे प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरगुजा में उन्हें किसी से पूछने की जरूरत नहीं है। वे अपने लोगों से मिलने और पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से दौरा कर रहे हैं।
दीपक बैज भविष्य में सीएम भी बन सकते हैं…
टीएस सिंहदेव ने कहा कि दीपक बैज खुद को युवा बताते हैं और भविष्य में वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी बन सकते हैं। उन्हें मेहनत करनी चाहिए और जनता के बीच लगातार काम करना चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur