Breaking News

अम्बिकापुर@अघोषित बिजली कटौती,जर्जर सड़क और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का चक्काजाम

Share


संगम चौक पर घंटों जमे कांग्रेस कार्यकर्ता,ट्रिपल इंजन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी…
बिजली कटने से लोग परेशान और बिल बढ़ता जा रहा है,‘रोड हमारा बन नहीं पा रहा है…’ जैसे स्लोगन से गूंजा चौक

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती,राष्ट्रीय राजमार्ग एवं नगर निगम की जर्जर सड़कों, बदहाल सफाई व्यवस्था,बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट और बजबजाती नालियों की समस्या को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा सड़क पर उतर आई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदा धिकारियों ने शहर के व्यस्ततम संगम चौक पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। चिलचिलाती धूप के बीच शाम करीब 4 बजे शुरू हुआ यह आंदोलन देर शाम तक जारी रहा। प्रदर्शन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और स्लोगन लिखे बोर्ड लेकर पहुंचे थे।‘बिजली कटने से लोग परेशान और बिल बढ़ता जा रहा है‘,‘रोड हमारा बन नहीं पा रहा है,कहो मंजूषा मजा आ रहा है’जैसे नारों के जरिए कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम और सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि शहर की मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं,लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं।
पहले दिया गया था ज्ञापन : नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने
बताया कि शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर 18 मई को सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में बिजली कटौती,सड़क मरम्मत,सफाई व्यवस्था सुधारने और स्ट्रीट लाइट चालू कराने की मांग की गई थी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ज्ञापन देने के बाद भी प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की गई,जिसके चलते पार्टी को सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
नागरिकों से मांगी माफी,कहा… ‘जनहित में मजबूरी : चक्काजाम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आम नागरिकों को हो रही असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर बार-बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया,लेकिन समाधान नहीं होने के कारण मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित से जुड़ा हुआ है और यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस इससे भी बड़ा आंदोलन करेगी।
‘20 करोड़ कहाँ खर्च हुए?’ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पूछा सवाल : सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तीखे सवाल किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शहर की सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए थे,लेकिन अब तक यह राशि कहाँ खर्च हुई, इसका जवाब जनता को नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की सड़कें बदहाल हैं और जिम्मेदार विभाग केवल कागजी दावे कर रहे हैं।
बिजली विभाग पर कमीशनखोरी का आरोप : कांग्रेस नेताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी जमकर घेरा। चक्काजाम स्थल पर मौजूद विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नेताओं ने कहा कि विभाग में कमीशनखोरी और बिजली लाइनों में घटिया स्तर के उपकरणों के उपयोग के कारण शहर की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं, लेकिन विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है।
एनएच विभाग को दी
घेराव की चेतावनी…

प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर सड़कें जल्द नहीं सुधारी गईं तो कांग्रेस पार्टी हृ॥ कार्यालय का घेराव करेगी। साथ ही महामाया चौक से गुरुद्वारा तक गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराने की मांग भी उठाई गई।
यातायात रहा प्रभावित,
पुलिस रही तैनात…

संगम चौक पर चक्काजाम के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही कराई जाती रही। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे और सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।
मैलोडी चॉकलेट बांटकर जताया विरोध…
चक्काजाम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहगीरों, वाहन चालकों और प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों को मैलोडी चॉकलेट भी बांटी। इसके माध्यम से कांग्रेस ने व्यंग्यात्मक अंदाज में ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता को समस्याओं को भूलकर तकलीफों के साथ जीने की आदत डालने का संदेश दिया जा रहा है। यह तरीका लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
शहर की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही…
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अम्बिकापुर शहर में पिछले कुछ समय से अघोषित बिजली कटौती आम बात हो गई है। दिन और रात में लगातार बिजली बंद होने से आम नागरिकों,व्यापारियों,विद्यार्थियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटौती के बावजूद लोगों के बिजली बिल लगातार बढ़ रहे हैं,जिससे आम उपभोक्ताओं में नाराजगी है। इसके अलावा शहर की कई प्रमुख सड़कें और राष्ट्रीय राजमार्ग जगह-जगह से जर्जर हो चुके हैं। बारिश से पहले ही सड़कों की हालत खराब होने के कारण लोगों को रोजाना दुर्घटना और जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। कई वार्डों में नियमित सफाई नहीं हो रही, नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण रात के समय लोगों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ रहा है।


Share

Check Also

राजपुर@ सौर ऊर्जा स्टार्टर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Share ,चोरी का सामान बरामदराजपुर,22 मई 2026 (घटती-घटना)। थाना राजपुर पुलिस ने सौर ऊर्जा पम्प …

Leave a Reply