Breaking News

अम्बिकापुर@भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया,रातभर परेशान रहे लोग

Share

  • ओवरलोड से फीडर फॉल्ट,सरगुजा-बलरामपुर में डेढ़ घंटे गुल रही बिजली
  • बिजली ऑफिस में हंगामा,आक्रोशित लोगों को देख कर्मचारी दफ्तर छोड़कर निकले


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 मई 2026 (घटती-घटना)। भीषण गर्मी के बीच शहर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। तापमान बढऩे के साथ बिजली की डिमांड भी तेजी से बढ़ी है। क्षमता से अधिक लोड पडऩे के कारण शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल हो रही है। लगातार कटौती और घंटों तक सप्लाई बंद रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। पिछले चार दिनों से बिजली विभाग कार्यालय में हंगामे की स्थिति बन रही है। बुधवार रात आक्रोशित लोगों की भीड़ पहुंचने पर कर्मचारियों को दफ्तर छोडकर बाहर निकलना पड़ा। शहर में एसी, कूलर और पंखों का उपयोग बढऩे से बिजली सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है। विभाग के अनुसार जिन ट्रांसफार्मरों की क्षमता 60 से 70 एम्पियर है,वहां लोड बढकर 97 से 98 एम्पियर तक पहुंच रहा है। ओवरलोड के कारण कई जगह तार टूट रहे हैं और ट्रांसफार्मर फेल हो रहे हैं। इसी वजह से रोज कई बार बिजली बंद हो रही है और सुधार कार्य में घंटों लग रहे हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे बांगो से अंबिकापुर के बीच विश्रामपुर क्षेत्र के फीडर में फॉल्ट आने से सरगुजा और बलरामपुर जिले के कई हिस्सों में बिजली सप्लाई ठप्प हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक लोग अंधेरे और उमस से परेशान रहे। विभाग के मुताबिक ओवरलोड के कारण यह समस्या आई। गैस की कमी के चलते इंडक्शन चूल्हों का उपयोग बढऩे से भी बिजली खपत ज्यादा हो रही है। देर रात फीडर सुधारने के बाद सप्लाई बहाल की गई।
फोन बंद, टोल फ्री नंबर भी रहा व्यस्त : बार-बार बिजली कटने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का आरोप है कि शिकायत के दौरान विभागीय अधिकारियों के फोन बंद मिल रहे हैं, जबकि टोल फ्री नंबर लगातार व्यस्त बता रहा है। बिजली गुल रहने से लोग रातभर सो नहीं पा रहे हैं। बुधवार रात मायापुर स्थित बिजली विभाग कार्यालय में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और जमकर नाराजगी जताई।
प्री-मानसून मेंटनेंस
भी बना परेशानी की वजह

बिजली विभाग द्वारा 13 मई से 21 मई तक प्री-मानसून मेंटनेंस का काम कराया जा रहा है। इसके चलते भी कई इलाकों में बिजली कटौती की जा रही है। हालांकि बढ़ती गर्मी और दबाव के कारण कई जोन में मेंटनेंस कार्य अधूरा है। गांधीनगर जोन के 17 में से केवल 3 फीडरों का मेंटनेंस हो सका है, जबकि मायापुर जोन के 12 में से 11 फीडरों का काम पूरा किया गया है।
व्यवस्था सुधारने की कोशिश जारी : डीई
सीएसपीडीसीएल के डीई जय प्रकाश राजवाड़े ने कहा कि अत्यधिक गर्मी के कारण सिस्टम पर दबाव बढ़ गया है। इसी वजह से बिजली व्यवस्था प्रभावित हो रही है। फिलहाल फीडरों का मेंटनेंस रोका जा रहा है और अगले सप्ताह नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। व्यवस्था को जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ सुशासन तिहार में घोषणाओं की बरसात

Share समस्याओं का ‘तत्काल समाधान’ और मंच से विकास का महाउत्सवचंदौरा शिविर में मंत्री बोले-हर …

Leave a Reply