-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 मई 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम अम्बिकापुर में होर्डिंग्स और विज्ञापन बोर्ड को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। समाजसेवी एवं भाजपा नेता कैलाश मिश्रा ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शहर के 11 होर्डिंग्स जोन से जुड़े 07 जोन का टेंडर मार्च माह में हो चुका है,लेकिन अब तक संबंधित एजेंसी के साथ विधिवत अनुबंध नहीं किया गया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह खड़ा हो रहा है कि इन होर्डिंग्स और फ्लैक्सी से मिलने वाला पैसा आखिर किसकी जेब में जा रहा है? कैलास मिश्रा ने आरोप लगाया कि नगर निगम में पारदर्शिता की जगह भाई-भतीजावाद और मनमानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में बड़े पैमाने पर विज्ञापन फ्लैक्सी और होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं,लेकिन निगम के राजस्व खाते में उसका स्पष्ट हिसाब दिखाई नहीं दे रहा। इससे राजस्व चोरी की आशंका और मजबूत हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मार्च में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी तो अब तक अनुबंध क्यों नहीं किया गया? यदि अनुबंध नहीं हुआ तो फिर विज्ञापन बोर्ड लगाने और उनसे वसूली करने की अनुमति किसके आदेश पर दी जा रही है? आखिर इन फ्लैक्सी और होर्डिंग्स से मिलने वाली राशि किसके पास पहुंच रही है? भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि निगम के कुछ जिम्मेदार अधिकारी और प्रभावशाली लोग मिलकर पूरे मामले में गोलमाल कर रहे हैं। निगम की संपत्तियों और विज्ञापन स्थलों का उपयोग नियमों के विरुद्ध किए जाने से नगर निगम को लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की बात भी कही गई है। कैलाश मिश्रा ने मांग की है कि होर्डिंग्स और फ्लैक्सी से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यह सार्वजनिक किया जाए कि वर्तमान में शहर में लगे विज्ञापन बोर्डों से निगम को कितना राजस्व प्राप्त हुआ और कितना बकाया है। इस मामले को लेकर शहर की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। निगम प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आने से चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन इन आरोपों पर क्या सफाई देता है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur