-संवाददाता-
लखनपुर,20 मई 2026 (घटती-घटना)। कटकोना से पुहपुटरा,सिरकोतंगा होते हुए रजपुरीकला (एसईसीएल) पहुंचने वाले जर्जर मार्ग को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में गुस्सा फूट पड़ा है। कांग्रेस प्रदेश सचिव रणविजय सिंहदेव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज लखनपुर तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की। प्रदेश सचिव रणविजय सिंहदेव ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कटकोना से पुहपुटरा, सिरकोतंगा होते हुए रजपुरीकला तक जाने वाला यह मार्ग एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र के अधीन आता है। कई वर्षों से यह मार्ग बेहद दयनीय स्थिति में है। बार-बार शिकायत और मांग के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत या नई सड़क नहीं बन पाई है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, मजदूर और वाहन इस मार्ग से रोजाना आवागमन करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को 10 दिनों का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन, खदान बंदी और चक्का जाम किया जाएगा।
एसडीएम का आश्वासन : लखनपुर के एसडीएम ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। उच्च स्तर से निर्देश मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस प्रदेश सचिव रणविजय सिंहदेव के साथ जिला उपाध्यक्ष कृपाशंकर गुप्ता,जनपद सदस्य धर्मेंद्र कुमार झारिया,मुकेश सिंह,सुजीत गुप्ता,मोहरलाल राजवाड़े,प्रदीप राजवाड़े,गौकरण सिंह,सियांबर राजवाड़े,पुहपुटरा सरपंच गोविंद सिंह सहित कटकोना,पुहपुटरा और सिरकोतंगा के सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोग लंबे समय से इस मार्ग की बेहतर स्थिति की मांग कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और एसईसीएल इस मांग पर कितनी तेजी से अमल करता है, या फिर यह मुद्दा फाइलों में दबकर रह जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur