Breaking News

अम्बिकापुर@एमआईसी बैठक के प्रस्ताव हास्यास्पद, जनता के मुद्दों से भटक रही भाजपा सरकार : द्वितेन्द्र मिश्र

Share


संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 मई 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम एमआईसी बैठक में पारित प्रस्तावों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। निगम एमआईसी के पूर्व सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव द्वितेन्द्र मिश्र ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार का दावा करने वाली भाजपा अब जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटका रही है और निगम प्रशासन अपरिपम् फैसले ले रहा है। द्वितेन्द्र मिश्र ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पूरा एशिया वैश्विक आर्थिक संकट से प्रभावित है,निर्माण सामग्री की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है और केंद्र सरकार तक निर्माण कार्यों के लिए विशेष मूल्य वृद्धि संबंधी सर्कुलर जारी कर रही है। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा ठेके निरस्त करने और ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने जैसे प्रस्ताव पारित करना हास्यास्पद है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में पिछले लगभग 18 महीनों से सफाई कर्मियों को वेतन नहीं मिला है। ऐसे में निगम प्रशासन को सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और उनके परिवारों की चिंता करनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय राजनीतिक दिखावा किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि पूर्व परिषद के पार्षदों का मानदेय भुगतान तक लंबित है। उन्होंने मांग की कि ट्रिपल इंजन सरकार के प्रतिनिधि शासन से तत्काल राशि उपलब्ध कराकर सफाई कर्मियों का भुगतान सुनिश्चित करें और निर्माण कार्यों को केंद्र सरकार के सर्कुलर के अनुरूप मूल्य वृद्धि स्वीकृति देकर पूरा कराएं।
प्रेस विज्ञप्ति में शहर की मूलभूत समस्याओं को भी उठाया गया। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कें अब तक निगम में शामिल नहीं हो पाई हैं, पेयजल संकट बना हुआ है और प्रतिदिन घंटों बिजली कटौती हो रही है। बरसात से पहले नालियों की सफाई अभियान चलाने की आवश्यकता है, लेकिन इन मुद्दों पर कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही। द्वितेन्द्र मिश्र ने भाजपा सरकार पर चुनावी वादों को भूलने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को मुफ्त पट्टा देने के बजाय जगह-जगह बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता से किए गए वादे पूरे करने चाहिए,न कि केवल राजनीतिक बयानबाजी करनी चाहिए।


Share

Check Also

बिलासपुर@दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला मुख्यालय बिलासपुर

Share विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रभात फेरी एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन बिलासपुर, दिनांक 18 …

Leave a Reply