-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 मई 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ओमनी कार से भारी मात्रा में अवैध मोबाइल और धातु की पायल बरामद की है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बरामद मोबाइलों के साइबर फ्रॉड समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में उपयोग होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रे रंग की एक ओमनी कार में कुछ लोग हाट-बाजारों से चोरी और अवैध तरीके से मोबाइल एकत्र कर दूसरे राज्यों में बेचने का काम करते हैं। सूचना के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने बनारस रोड में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन में रखी प्लास्टिक की बोरियों से 110 टच स्क्रीन स्मार्टफोन और 650 कीपैड मोबाइल मिले। इसके अलावा दूसरी बोरी से 95 किलो 500 ग्राम धातु की पायल बरामद हुई। पुलिस ने जब आरोपियों से सामान के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई संतोषजनक जवाब या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 2283/2026 के तहत धारा 317(2), 317(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। गिरफ्तार आरोपियों में सेन्तु शेख (26), गफ्फार शेख (28), असिम शेख (23), इब्राहिम शेख (30) और माशदुल शेख (37) शामिल हैं। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शीदाबाद जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद 760 मोबाइल, 95.500 किलो पायल और ओमनी वाहन क्रमांक ङ्खख् 58 ख्क्क 8233 को जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को सोमवार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद मोबाइलों के स्रोत,उनके उपयोग और संभावित साइबर अपराध कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इन मोबाइलों का उपयोग साइबर फ्रॉड और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किया जा सकता था। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दूबे,आरक्षक राहुल सिंह,रमन मंडल, घनश्याम देवांगन,सत्यम सिंह और सुल्तान अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur