Breaking News

अम्बिकापुर@महंगाई की मार पर कांग्रेस का वार : किराना और सराफा कारोबारियों से पूछा हाल,बोले…ग्राहक घटे,व्यापार ठप…

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 मई 2026 (घटती-घटना)। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को शहर में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के चार दिवसीय आंदोलन के तहत जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के कार्यकर्ता किराना और सराफा बाजार पहुंचे, जहां व्यापारियों और ग्राहकों से संवाद कर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर चर्चा की गई। कांग्रेस ने किसान कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सोनी के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमें बनाई। दोनों दलों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में दुकानों पर पहुंचकर व्यापारियों से कारोबार की स्थिति जानी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष की अस्वस्थता के चलते आंदोलन का संचालन नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के मार्गदर्शन में किया गया।
किराना कारोबारियों ने कहा…लोग जरूरत तक सीमित : दुर्गेश गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किराना और मिठाई दुकानों में पहुंचकर व्यापारियों से चर्चा की। व्यापारियों ने बताया कि महंगाई के कारण उपभोक्ताओं ने खरीदारी कम कर दी है। लोग अब केवल जरूरी सामान ही खरीद रहे हैं, जिससे छोटे व्यापारियों का मुनाफा लगातार घट रहा है। दुकानदारों का कहना था कि सरकार की आर्थिक नीतियां छोटे व्यापारियों के हित में नहीं हैं। वहीं कई उपभोक्ताओं ने भी कहा कि आय कम होती जा रही है जबकि रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
सराफा बाजार में भी दिखा असर : महिला कांग्रेस की टीम ने सदर रोड स्थित सराफा दुकानों में पहुंचकर व्यापारियों से चर्चा की। सराफा कारोबारियों ने सोने पर बढ़े टैक्स और प्रधानमंत्री की अपील के बाद बाजार पर पड़े असर को लेकर नाराजगी जताई। व्यापारियों ने बताया कि ग्राहकों की संख्या में भारी कमी आई है और कई दुकानों में कारीगरों की छंटनी की नौबत आ गई है। कुछ ग्राहकों ने कहा कि शादी-ब्याह का बजट भी बिगड़ गया है,क्योंकि सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
कांग्रेस बोली…आर्थिक नीतियों से टूटी आम आदमी की कमर : नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से व्यापारी और आम नागरिक दोनों परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर जनता से राष्ट्रहित में त्याग की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महंगाई और टैक्स के बोझ से लोगों को राहत नहीं मिल रही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चार दिवसीय आंदोलन के दौरान जनता से मिले सुझावों और सरकार की नीतियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा। आंदोलन में मो. इस्लाम, संजय विश्वकर्मा,इंद्रजीत सिंह धंजल, विनय शर्मा,सीमा सोनी,अनिमा केरकेट्टा,रामविनय सिंह,जगन्नाथ कुशवाहा,मदन जायसवाल, अतुल तिवारी,आलोक सिंह,जीवन यादव, चंद्रप्रकाश सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Share

Check Also

बलरामपुर@नशे के अवैध कारोबार पर बलरामपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक

Share 985 नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क ध्वस्त करने में मिली सफलता बलरामपुर,18 …

Leave a Reply