-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 मई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय से वर्षों पहले चोरी हुई भगवान अवलोकितेश्वर की दुर्लभ कांस्य प्रतिमा अब फिर से प्रदेश लौटने की तैयारी में है। करीब 19 करोड़ रुपए मूल्य की यह ऐतिहासिक प्रतिमा अमेरिका से भारत लाई जा रही है। पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर प्रतिमा को छत्तीसगढ़ वापस भेजने का आग्रह किया है। जानकारी के मुताबिक प्रतिमा फिलहाल भारत पहुंचने की प्रक्रिया में है। इसके बाद राज्य शासन उसे रायपुर लाकर महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में पुनर्स्थापित करेगा। मंत्री श्री अग्रवाल प्रतिमा की रिसीविंग के लिए दिल्ली जाने की तैयारी में हैं। बताया गया है कि हाल के वर्षों में अमेरिका ने भारत को लगभग 1.4 करोड़ डॉलर मूल्य की 657 प्राचीन कलाकृतियां लौटाई हैं। इन्हीं में छत्तीसगढ़ की यह बहुमूल्य कांस्य प्रतिमा भी शामिल है। सांस्कृतिक धरोहरों की वापसी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सिरपुर की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ी है प्रतिमा : यह प्रतिमा वर्ष 1939 में महासमुंद जिले के विश्वविख्यात पुरातात्विक स्थल सिरपुर स्थित लक्ष्मण मंदिर परिसर के पास मिली थी। यह उस क्षेत्र में प्राप्त कांस्य प्रतिमाओं के बड़े भंडार का हिस्सा थी। बाद में इसे संरक्षण के लिए रायपुर स्थित संग्रहालय में रखा गया, लेकिन चोरी के बाद यह विदेश पहुंच गई। इतिहासकारों के अनुसार प्रतिमा पर ‘द्रौणग्रिदत्त’ नाम अंकित है, जो प्राचीन श्रीपुर यानी वर्तमान सिरपुर का निवासी माना जाता है। इससे प्रतिमा का ऐतिहासिक महत्व और बढ़ जाता है। अवलोकितेश्वर की यह प्रतिमा छत्तीसगढ़ की समृद्ध बौद्ध परंपरा, प्राचीन शिल्पकला और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक मानी जाती है। सिरपुर प्राचीन काल में बौद्ध संस्कृति और कला का प्रमुख केंद्र रहा है।
सरकार ने शुरू की औपचारिक प्रक्रिया : संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह प्रतिमा केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने केंद्र सरकार से सभी औपचारिक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर प्रतिमा को छत्तीसगढ़ शासन को सौंपने का आग्रह किया है। राज्य सरकार का कहना है कि प्रतिमा की सुरक्षा, संरक्षण और प्रदर्शन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि आमजन, शोधार्थी और इतिहास प्रेमी इस ऐतिहासिक धरोहर को फिर से देख सकें। अवलोकितेश्वर प्रतिमा की वापसी को छत्तीसगढ़ की खोई सांस्कृतिक विरासत की पुनर्स्थापना और सिरपुर की ऐतिहासिक पहचान को नई प्रतिष्ठा दिलाने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur