

अम्बिका पेट्रोल पंप में धरना,केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को बताया ‘जनविरोधी’
‘तेल कंपनियां कमा रहीं मुनाफा,जनता भुगत रही महंगाई की मार’ : बालकृष्ण पाठक
अम्बिकापुर,17 मई 2026 (घटती-घटना)। पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों, कई क्षेत्रों में ईंधन की अनियमित आपूर्ति, बढ़ती महंगाई और विवाह सीजन के बीच सोने की खरीददारी को लेकर प्रधानमंत्री की अपील के विरोध में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जिला मुख्यालय अंबिकापुर सहित विभिन्न ब्लॉकों में धरना-प्रदर्शन किया। अंबेडकर चौक स्थित अम्बिका पेट्रोल पंप में आयोजित मुख्य प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता को महंगाई से राहत देने की मांग उठाई। यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित चार दिवसीय आंदोलन का हिस्सा है। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला और ब्लॉक स्तर पर अलग-अलग स्थानों में चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। कांग्रेस ने 17 मई को पेट्रोल पंप, 18 मई को किराना दुकानों और 19 मई को सराफा दुकानों के सामने धरना-प्रदर्शन एवं जनसंवाद कार्यक्रम तय किया है। वहीं 20 मई को सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को लेकर अभियान चलाया जाएगा।
‘जनता परेशान,कंपनियां मुनाफे में : धरना प्रदर्शन के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत बनी हुई है, जबकि बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की नीति जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के करीबी उद्योगपतियों की कंपनियां देश में उपलब्ध कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा विदेशों में निर्यात कर रही हैं, जबकि देश की जनता महंगे पेट्रोल-डीजल और महंगाई का बोझ उठा रही है। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बेहद कम थीं, तब भी जनता को राहत नहीं दी गई और तेल कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया। बालकृष्ण पाठक ने दावा किया कि पेट्रोलियम कंपनियों और सरकार ने बीते वर्षों में लाखों करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, लेकिन उसका लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचा। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने का पूरा बोझ सीधे उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है।
किराना और सराफा बाजारों में भी होगा आंदोलन : कांग्रेस ने साफ किया है कि आंदोलन केवल पेट्रोल-डीजल तक सीमित नहीं रहेगा। 18 मई को किराना दुकानों के सामने महंगाई के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर व्यापारियों और ग्राहकों से संवाद किया जाएगा। वहीं 19 मई को सराफा बाजारों में प्रदर्शन कर सोने-चांदी के कारोबार पर पड़े असर को लेकर विरोध जताया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई और आर्थिक अनिश्चितता के कारण बाजार प्रभावित हो रहे हैं। विवाह सीजन में भी खरीददारी कमजोर पड़ रही है, जिससे छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है।
बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता : धरना प्रदर्शन में मो. इस्लाम, अरविंद सिंह, विनय शर्मा, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, आलोक सिंह, जीवन यादव, लोकेश कुमार, गुरूप्रीत सिद्धू, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, सोहन जायसवाल, नीतीश चौरसिया, अविनाश कुमार, अमित सिंह, हिमांशु जायसवाल, आशीष जायसवाल, लुकस एक्का, अंकित जायसवाल, ऋषभ जायसवाल, जयवंत मिंज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई और ईंधन संकट को लेकर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
पेट्रोल पंप संचालकों ने भी जताई चिंता
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप संचालकों एवं उपभोक्ताओं से बातचीत कर वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पहले की तुलना में प्रभावित हो रही है। कई कंपनियों से नियमित सप्लाई नहीं मिलने के कारण कई पेट्रोल पंप ‘ड्राई’ होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसे केंद्र सरकार की विफल आर्थिक नीति का परिणाम बताते हुए कहा कि ईंधन संकट का सीधा असर परिवहन, कृषि, व्यापार और आम लोगों की दैनिक जरूरतों पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों ने मध्यम और निम्न वर्ग की आर्थिक स्थिति को और कठिन बना दिया है।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
लखनपुर में पेट्रोल पंप के सामने धरना,केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
लखनपुर,17 मई 2026 (घटती-घटना)। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनपुर द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के निर्देश पर आयोजित यह प्रदर्शन नारायण पेट्रोल पंप, लखनपुर में किया गया। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह देव ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए दाम वापस लेने और आम जनता को महंगाई से राहत देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल और डीजल महंगे होने से परिवहन, कृषि, व्यापार और रोजमर्रा की जरूरतों पर सीधा असर पड़ रहा है। महंगाई के कारण आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रमेश जायसवाल, दिनेश तायल, जमील खान, जगरोपण यादव, मुकेश सिंह, जिला सचिव इरशाद खान, ब्लॉक उपाध्यक्ष सतेंद्र राय, असफाक खान, महामंत्री रामसूजान द्विवेदी, मकसूद खान, स्वपनिल शर्मा, किसान कांग्रेस अध्यक्ष अजर चौधरी, गप्पू खान, ब्लॉक सचिव मोजीब खान, अमरेश राजवाड़े, भूपेंद्र जायसवाल, इमरान खान, ताहिर नूर, रिंकू, भुनेश्वर यादव, अनिल गुप्ता, जसीमुद्दीन खान, नवीन पाण्डेय और रामप्रकाश राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत नहीं दी, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur