
ऑडिटोरियम की कमियों पर जताई नाराजगी
खेल सुविधाओं,छात्रावास और सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समयसीमा के निर्देश
सूरजपुर,16 मई 2026(घटती-घटना)। जिले में अधोसंरचना विकास,गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य, खेल सुविधाओं के विस्तार और छात्रावासों में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने गुरुवार को विभिन्न निर्माणाधीन एवं संचालित परियोजनाओं का निरीक्षण किया,निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम,डिस्टि्रक्ट जज आवास और निर्माणाधीन ज्यूडिशियल मर्टरों का जायजा लिया,श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम भवन में पाई गई कमियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने मरम्मत कार्य बेहतर गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए,वहीं निर्माणाधीन ज्यूडिशियल मर्टरों को तय समयसीमा में पूर्ण करने को कहा।
इसके बाद कलेक्टर ने हाउसिंग बोर्ड अंतर्गत कॉलेज स्टेडियम में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया,उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खेल अधोसंरचना युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है,इसलिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
छात्रावास निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष जोर
कॉलेज स्टेडियम परिसर में आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन ओबीसी कन्या छात्रावास का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए,साथ ही नमदगिरि 250 सीटर कन्या छात्रावास में उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
शिवपार्क और पंचमंदिर तालाब के सौंदर्यीकरण पर भी फोकस
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शिवपार्क भी पहुंचे, जहां उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, उन्होंने नगर पालिका और वन विभाग को पार्क की नियमित सफाई और निर्मित अधोसंरचना के रखरखाव के निर्देश दिए, इसके अलावा पंचमंदिर तालाब का निरीक्षण कर तालाब के सौंदर्यीकरण और आसपास के क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए नगर पालिका को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा, कलेक्टर ने कहा कि जिले में गुणवत्तापूर्ण निर्माण, खेल सुविधाओं का विस्तार और छात्रावासों में बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है,ताकि नागरिकों और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें, निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur